तेजस्वी के नेतृत्व में राजद का भविष्य अंधकारमय – उमेश सिंह कुशवाहा
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/बिहार जनता दल (यू) के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने शनिवार को बयान जारी कर तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राजद का भविष्य अंधकारमय है और आने वाले दिनों में राजद की राजनीतिक विरासत का बंटाधार होना भी तय है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि तेजस्वी यादव की राजनीति केवल झूठ, छल, भ्रम और फरेब की नीति पर आधारित है, जबकि बिहार की जनता माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सेवा और सुशासन की नीति पर बीते 20 वर्षों से अपना विश्वास प्रकट करती रही है।
उन्होंने तंज भरे लहजे में कहा कि परिवारवादी नीति के तहत राजनीतिक विरासत में पद जरूर हासिल किया जा सकता है, परंतु योग्यता नहीं। तेजस्वी यादव का अब तक का ट्रैक रिकाॅर्ड रहा है कि पढ़ाई से लेकर क्रिकेट तक, जहां भी उन्होंने किस्मत आजमाई, उन्हें विफलता ही हाथ लगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजद के पुराने संघर्षशील और समर्पित नेताओं को दरकिनार कर तेजस्वी के हाथों में पार्टी की बागडोर सौंपकर लालू परिवार ने पुनः यह साबित कर दिया है कि उनके लिए परिवार हित ही सर्वोपरि है। उनके राजनीतिक शब्दकोश में पार्टी कार्यकर्ताओं का दूर-दूर तक कोई स्थान नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि राजद में आंतरिक लोकतंत्र पूरी तरह से समाप्त हो चुका है और पार्टी के कार्यकर्ता और नेता एक-एक कर छिटक रहे हैं। एक परिवार की मोनोपोली से चलने वाली पार्टी आने वाले दिनों में एक परिवार तक ही सिमट कर रह जाएगी।



