किशनगंज : तीन केंद्रों पर दारोगा परीक्षा शांतिपूर्ण सम्पन्न, 2865 परीक्षार्थी शामिल

किशनगंज,21जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिला मुख्यालय के तीन परीक्षा केंद्रों पर बुधवार को दूसरे चरण की पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) पद की लिखित परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसमें कुल 2865 परीक्षार्थियों ने भाग लिया, जबकि 1110 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क रही।
जिलाधिकारी विशाल राज, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, एसडीपीओ गौतम कुमार, ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार, इंस्पेक्टर राजा सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार ने बताया कि दोनों पालियों की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई। परीक्षार्थी परीक्षा शुरू होने के लगभग डेढ़ घंटे पहले ही निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। प्रवेश द्वार पर सघन जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जा रही थी। प्रवेश पत्र के आधार पर ही मुख्य द्वार से प्रवेश दिया गया।
परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, पेन, पेपर, पेंसिल, इरेजर सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने पर पूर्ण रोक थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ देखी गई।
अधिकांश अभ्यर्थी बक्सर, आरा, छपरा, सिवान, भागलपुर, मुंगेर, बांका सहित दूर-दराज के जिलों से आए थे, जो अपने-अपने गंतव्य की ओर जाने के लिए संबंधित रूट की बसें और ट्रेनें पकड़ते नजर आए।

