किशनगंज : चेस क्रॉप्स इनामी शतरंज प्रतियोगिता में आठ खिलाड़ी हुए पुरस्कृत

किशनगंज,11जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, स्थानीय चेस क्रॉप्स अकादमी के सौजन्य से तथा जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में इसके लर्निंग पार्टनर चेस क्रॉप्स अकादमी द्वारा रविवार को खेलभवन-सह-व्यायामशाला में 15 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए इनामी शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल आठ खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन विशिष्ट समाजसेवी एवं जिला शतरंज संघ के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. राजकरण दफ्तरी ने किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शतरंज का महत्व निरंतर बढ़ रहा है। यह खेल न केवल बौद्धिक क्षमता का विकास करता है, बल्कि इसके माध्यम से कैरियर निर्माण और विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पढ़ाई के साथ-साथ शतरंज को भी समान महत्व देने का आह्वान किया।
संघ के मानद महासचिव शंकर नारायण दत्ता एवं अकादमी प्रमुख कमल कर्मकार ने बताया कि प्रतियोगिता में तीन दर्जन से अधिक बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम से चतुर्थ स्थान क्रमशः धान्वी कर्मकार, रित्विक मजूमदार, ऋषभ आनंद एवं नमन कुमार सिंह ने प्राप्त किया।
इसके अलावा अंडर-7 आयु वर्ग में दिव्यांका आनंद, अंडर-9 में आदर्श भास्कर, अंडर-11 में अनंत कर्ण तथा अंडर-13 आयु वर्ग में सुरोनोय दास को श्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। अन्य प्रतिभागियों में जयश्री प्रभा, आयुष आनंद, तनय अग्रवाल, पलचीन जैन, अंश साहा, केशव मित्तल, सार्थक अग्रवाल, श्रीजय पाल, बृजराज धर, प्रतीक अग्रवाल सहित अन्य खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की भी सराहना की गई।
विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि डॉ. राजकरण दफ्तरी द्वारा नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संघ के उपाध्यक्ष राजेश कुमार दास, मुख्य निर्णायक अंशुमन राज, अभिभावक अजीत कुमार, गौरव प्रामाणिक, पिंकी भास्कर, स्मिता दास सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।



