किशनगंज में लूट की घटनाओं में बड़ी गिरावट, 2021 से 2025 तक 70–75 प्रतिशत कमी

किशनगंज,03जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में पुलिस की सख्त कार्रवाई और प्रभावी रणनीति का असर अपराध के आंकड़ों में साफ नजर आने लगा है। वर्ष 2021 से 2025 के बीच लूट की घटनाओं में लगभग 70 से 75 प्रतिशत तक की उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2022 से ही जिले में लूट की घटनाओं का ग्राफ लगातार नीचे की ओर रहा है। पुलिस आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2020 में जिले में लूट की 17 घटनाएं दर्ज की गई थीं। वर्ष 2021 में यह संख्या बढ़कर 27 हो गई, लेकिन इसके बाद पुलिस की सक्रियता के चलते लगातार गिरावट दर्ज की गई। वर्ष 2022 में लूट की 16 घटनाएं हुईं, वर्ष 2023 में यह घटकर 10 रह गई, वर्ष 2024 में भी 10 मामले सामने आए, जबकि वर्ष 2025 में अब तक केवल 7 लूट की घटनाएं दर्ज की गई हैं, जो अब तक का न्यूनतम स्तर है।
एसपी किशनगंज सागर कुमार ने बताया कि लूट की घटनाओं में आई इस कमी के पीछे कई अहम कारण हैं। इनमें प्रभावी पुलिसिंग और लगातार पेट्रोलिंग, अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई, इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेशन तथा आम जनता के साथ बेहतर समन्वय और पुलिस पर बढ़ा विश्वास प्रमुख रूप से शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। आगे भी इसी रणनीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अपराधियों पर शिकंजा और कसा जा सके और जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।



