सीएम नीतीश की दूरदर्शी नीतियों से महिलाएँ हुईं सशक्त, मिला सुरक्षा और सम्मान – उमेश सिंह कुशवाहा

मुकेश कुमार/बिहार जद (यू0) के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का नारी सशक्तिकरण माॅडल आज देशभर में एक मिसाल बन चुका है। उन्होंने कहा कि हमारे नेता की दूरदर्शी और जनकल्याणकारी नीतियों के परिणामस्वरूप बिहार की महिलाओं को विकास की नई उड़ान मिली है तथा उनके सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिले हैं।
श्री कुशवाहा ने आगे कहा कि नीतीश सरकार द्वारा नारी सशक्तिकरण से जुड़ी कई नीतियों और योजनाओं को न केवल देश के विभिन्न राज्यों ने अपनाया है, बल्कि मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना जैसी ऐतिहासिक पहल को दुनिया के कई देशों ने भी बिहार माॅडल के रूप में स्वीकार किया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शराबबंदी, दहेजबंदी, बाल-विवाहबंदी और कन्या-सुरक्षा जैसे ठोस समाज-सुधार अभियानों ने बिहार में महिलाओं की सामाजिक स्थिति को जमीनी स्तर पर मजबूत किया है। साथ ही कानून का राज स्थापित कर उन्होंने बिहार की महिलाओं को भय-युक्त माहौल से मुक्ति दिलाई है। बीते बीस वर्षों में महिलाओं को न्याय, सुरक्षा और गरिमा दिलाने के लिए जिस निरंतर प्रतिबद्धता के साथ श्री नीतीश कुमार ने काम किया है, उसकी सराहना आज देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में होती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना, मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना, मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना जैसी कई ऐतिहासिक पहलें बिहार में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में क्रांतिकारी साबित हुई हैं। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण तथा पंचायती राज और नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण देना किसी वरदान से कम नहीं है। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की इन दूरदर्शी नीतियों ने बिहार की बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को मजबूत और स्थायी आधार प्रदान किया है।



