अपराधकिशनगंजगिरफ्तारीठाकुरगंजपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज में विवाह समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल, एक गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

किशनगंज,22अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के पौआखाली थाना क्षेत्र में एक विवाह समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अहमद हुसैन उर्फ लल्लू को खुलेआम राइफल से फायरिंग करते हुए देखा जा रहा है, जबकि आसपास मौजूद लोग समारोह का आनंद लेते नजर आ रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से फैलने के बाद पौआखाली थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। वायरल वीडियो के आधार पर पौआखाली थाना में कांड संख्या 59/2026 दर्ज किया गया है।

थाना अध्यक्ष अंकित कुमार सिंह ने बताया कि हर्ष फायरिंग पूरी तरह गैरकानूनी है और इससे लोगों की जान को खतरा हो सकता है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि वीडियो की सत्यता की जांच के बाद आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू की गई है।

पुलिस टीम ने मंगलवार देर रात मुख्य आरोपी अहमद हुसैन उर्फ लल्लू के आवास पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार मिला। वहीं, वीडियो में दिख रहे दूसरे व्यक्ति की पहचान वार्ड संख्या 7 के पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद हनीफ के रूप में की गई, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है तथा अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल गर्म है। वहीं, कानून उल्लंघन के इस मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों और बुद्धिजीवियों ने सराहना की है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!