किशनगंज : छठ गीतों से गूंजा भास्कर महोत्सव, एसपी सागर कुमार ने गीत गाकर दी मतदान की प्रेरणा
किशनगंज,25अक्टूबर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, खगड़ा स्थित सम्राट अशोक भवन में शनिवार को भास्कर महोत्सव एवं छठ महापर्व के उपलक्ष्य में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने संयुक्त रूप से की।
कार्यक्रम में जिले के कलाकारों ने छठ महापर्व पर आधारित लोकगीत और नृत्य प्रस्तुत कर समा बांध दिया। विशेष आकर्षण रहा जब पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने स्वयं छठी मैया का गीत गाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने इस अवसर पर गीत के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान को बढ़ावा दिया और लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की।
इस दौरान जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि भास्कर महोत्सव जैसे आयोजन सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखने के साथ-साथ समाज में एकता और सद्भाव का संदेश देते हैं।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों, कलाकारों, छात्र-छात्राओं और प्रशासनिक अधिकारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। पूरा परिसर भक्तिमय और उत्सवमय माहौल में डूबा रहा।



