बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 : मेडिकल बोर्ड ने निर्वाचन कर्मियों का चिकित्सीय परीक्षण किया पूरा

किशनगंज,16अक्टूबर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को लेकर निर्वाचन कार्यों में प्रतिनियुक्त कर्मियों/पदाधिकारियों द्वारा चिकित्सा आधार पर कार्यमुक्ति हेतु दिए गए आवेदनों के परीक्षण के लिए गठित मेडिकल बोर्ड द्वारा गुरुवार को चिकित्सीय परीक्षण संपन्न किया गया।
मेडिकल बोर्ड की अध्यक्षता अपर समाहर्ता अमरेन्द्र कुमार पंकज ने की। बोर्ड में डॉ. मो. अनवर हुसैन (सर्जन, सदर अस्पताल, किशनगंज), डॉ. उर्मिला देवी (फिजिशियन, सदर अस्पताल) तथा डॉ. कुन्दन आनंद (पदाधिकारी, NCDO, किशनगंज) सदस्य के रूप में शामिल थे। सिविल सर्जन, किशनगंज द्वारा आवश्यक चिकित्सा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की गई थी।
मेडिकल बोर्ड के समक्ष कुल 135 कर्मियों/पदाधिकारियों को चिकित्सीय परीक्षण हेतु उपस्थित होना था, जिनमें से 27 कर्मी अनुपस्थित रहे। परीक्षण में उपस्थित कर्मियों में से 73 कर्मी निर्वाचन ड्यूटी हेतु अनफिट तथा 35 कर्मी फिट पाए गए।
बोर्ड द्वारा सभी उपस्थित कर्मियों की चिकित्सीय जांच कर स्वास्थ्य प्रतिवेदन विहित प्रपत्र में तैयार कर नोडल पदाधिकारी, कार्मिक कोषांग, किशनगंज को उपलब्ध कराया गया। प्राप्त प्रतिवेदन के आलोक में अनुमोदन उपरांत आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर कार्मिक कोषांग की नोडल पदाधिकारी सुनीता कुमारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



