सामाजिक सुरक्षा पेंशन में वृद्धि नीतीश कुमार की जनसेवा के प्रति संवेदनशील सोच का प्रमाण – उमेश सिंह कुशवाहा
मुकेश कुमार/बिहार जनता दल (यू0) के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने नीतीश सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत विधवा महिलाओं, वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को दी जाने वाली मासिक सहायता राशि को ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे राज्य के 1 करोड़ 9 लाख से अधिक जरूरतमंद लाभार्थियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया।
श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि यह कदम न केवल माननीय मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता और संवेदनशील सोच का प्रमाण है, बल्कि सामाजिक न्याय और कल्याणकारी शासन के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हमारे नेता ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि वे बोलते नहीं, बल्कि करके दिखाते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि यह महज एक आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि जरूरतमंदों को आत्मसम्मान, सामाजिक सुरक्षा और गरिमामय जीवन का अधिकार दिलाने की दिशा में उठाया गया एक निर्णायक एवं दूरगामी कदम है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए श्री कुशवाहा ने कहा कि काम ही हमारे नेता की पहचान है, जबकि विपक्ष की राजनीति आज भी झूठे वादों और दुष्प्रचार तक ही सीमित रह गई है।
साथ ही इस ऐतिहासिक निर्णय को लेकर माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त करने वालों में मुख्य रूप से विधानपार्षद में सत्तारूढ़ के उपनेता सह कोषाध्यक्ष श्री ललन कुमार सर्राफ, मुख्य सचेतक श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी (स्थापना) श्री चंदन कुमार सिंह, वरीय नेता श्री अनिल कुमार एवं श्री परमहंस कुमार शामिल रहे।