
किशनगंज,20मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/फरीद अहमद, सुखानी थाना क्षेत्र अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा पर रविवार को एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में एक पुरुष और एक महिला शामिल हैं, जो अवैध रूप से भारत से नेपाल की ओर जा रहे थे।
दिनांक 19 मई 2025 को एसएसबी और सुखानी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सीमा स्तंभ संख्या 119/01 के पास से दो बांग्लादेशी नागरिक नेपाल में घुसपैठ की कोशिश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर गठित संयुक्त टीम ने जब सीमा स्तंभ संख्या 117/01 के पास संदिग्धों को देखा तो उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।
पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्तियों ने अपने नाम शफीकुल इस्लाम (उम्र 32 वर्ष), पिता बादशाह मियां, निवासी बांग्लादेश, और परी खातून (उम्र 25 वर्ष), पिता शफीकुल इस्लाम बताया। दोनों के पास भारत में रहने या यात्रा करने का कोई वैध दस्तावेज नहीं पाया गया। हालांकि, परी खातून के पास एक भारतीय आधार कार्ड बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है।
बरामदगी में शामिल वस्तुएं:
- एक मोबाइल फोन
- चार्जर
- कुछ कपड़े
- परी खातून का भारतीय आधार कार्ड
इस संबंध में सुखानी थाना में विदेशी अधिनियम सहित सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आधार कार्ड कैसे प्राप्त किया गया और दोनों का भारत में आने का उद्देश्य क्या था।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
- पु.अ.नि. धर्मपाल कुमार, थानाध्यक्ष, सुखानी
- पु.अ.नि. आनंद कुमार, थानाध्यक्ष, पाठामारी
- पु.अ.नि. त्रिपुरारी मंडल, सुखानी
- सि. रूपेश कुमार, सुखानी
- म.सि. पूजा कुमार, सुखानी
यह कार्रवाई सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रियता और सतर्कता का प्रत्यक्ष प्रमाण है, जिससे देश की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हुई है।