प्रमुख खबरें

बिहार के किसानों को केन्द्र सरकार करेगी पूरी मदद….

त्रिलोकी नाथ प्रसाद /माननीय केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री, भारत सरकार श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में कृषि भवन, नई दिल्ली में आज बिहार में संचालित केन्द्र प्रायोजित योजनाओं, बीज, कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न विषयों पर माननीय मंत्री, कृषि विभाग, बिहार श्री मंगल पाण्डेय, सचिव, कृषि विभाग, बिहार श्री संजय कुमार अग्रवाल तथा विभागीय अन्य वरीय पदाधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में भाग लेने के लिए बिहार से एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल दिल्ली गया था।

माननीय कृषि मंत्री, बिहार ने बताया कि 23 अगस्त, 2024 को केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री, द्वारा कृषि भवन, मीठापुर, पटना में किसानों के साथ संवाद कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग, बिहार द्वारा भारत सरकार से अपेक्षा से संबंधित एक ज्ञापन सौपा गया था। माननीय केन्द्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया गया था कि जल्द ही नई दिल्ली में बिहार के किसानों को सहायता हेतु सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित की जायेगी। आज की बैठक इसी परिपेक्ष्य में आयोजित की गई।

माननीय केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री द्वारा आज की बैठक में निम्नांकित निदेश/निर्णय लिया गया:-
1. राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के लिए भारत सरकार द्वारा वर्तमान वित्तीय वर्ष के लिए 45 करोड़ रूपये द्वितीय किस्त जारी की गयी।
2. कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के अध्यक्ष के द्वारा कृषि भवन, मीठापुर, पटना में एपीडा का कार्यालय खोलने पर अपनी सहमति दी गई।
3. राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केन्द्र, मुजफ्फरपुर में शहद के अनुसंधान तथा लैब टेस्टिंग हेतु सहमति प्रदान की गई।
4. राष्ट्रीय कृषि विकास योजना तथा कृषोन्नति योजना के लिए उद्व्यय राशि में वृद्धि करने हेतु आवश्यक निदेश दिया गया। 200 करोड़ की राशि की माँग बिहार द्वारा की गई।
5. मखाना तथा मक्का अनुसंधान केन्द्र के सुदृढ़ीकरण का निदेश महानिदेशक, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद्-सचिव, कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग, भारत सरकार को दिया गया।
6. ई-नाम में 100 करोड़ रूपये की माँग पर सकारात्मक चर्चा की गई।
7. डिजिटल क्रॉप सर्वे के लिए 10 करोड़ की राशि की स्वीकृति प्रदान की गई।
8. गेहूँ के 5,000 क्विंटल आधार बीज उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक निदेश दिया गया।
9. बागवानी विकास मिशन में उद्व्यय राशि दोगुना करने के अनुरोध पर सकारात्मक निर्णय लिया गया।
10. मखाना निर्यात को बढ़ावा देने के लिए एच॰एस॰ कोड अलग किये जाने का निदेश दिया गया।
11. यांत्रिकरण योजना में 50 करोड़ रूपये की अतिरिक्त माँग पर सकारात्मक निर्णय लिया गया।

माननीय केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री, भारत सरकार ने कहा कि बिहार के किसानों को केन्द्र सरकार हरसंभव मदद करेंगी। सचिव, कृषि विभाग, बिहार श्री संजय कुमार अग्रवाल द्वारा एक प्रस्तुतीकरण दिया गया।
इस बैठक में भारत सरकार की ओर से सचिव, कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग डॉ॰ हिमान्शु पाठक, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, अपर सचिव-सह-वित्तीय सलाहकार श्री संजीव कुमार, अपर सचिव श्रीमती शुभ्रा ठाकुर, संयुक्त सचिव यांत्रिकरण श्रीमती एस॰ रूक्मणी, संयुक्त सचिव श्रीमती योगिता राणा, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के सलाहकार श्री मनोज गुप्ता, डिजिटल क्रॉप सर्वे की सलाहकार श्रीमती रूचिका गुप्ता तथा बिहार सरकार की ओर से प्रबंध निदेशक, बिहार राज्य बीज निगम डॉ॰ आलोक रंजन घोष, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के नोडल पदाधिकारी श्री समीर कुमार एवं कृषोन्नति के वरीय नोडल पदाधिकारी मो॰ इस्माईल उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button