पौआखाली सरकारी अस्पताल की बदहाल व्यवस्था उजागर, सुबह 10 बजे तक बंद रही ओपीडी, गर्मी में मरीज बेहाल
खराब बीपी मशीनों, बायोमेडिकल कचरे और अव्यवस्थाओं के बीच इलाज को तरसे मरीज, निरीक्षण के बावजूद नहीं सुधरी स्थिति

किशनगंज,03जून(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/फ़रीद अहमद, नगर पंचायत पौआखाली स्थित सरकारी अस्पताल में बुधवार को स्वास्थ्य व्यवस्था की खामियां एक बार फिर सामने आ गईं। अस्पताल में सुबह 10 बजे के बाद तक ओपीडी सेवा शुरू नहीं होने से मरीजों को भीषण गर्मी में कतारों में खड़ा रहना पड़ा। मरीज पर्ची कटवाने और इलाज के इंतजार में परेशान दिखे, जबकि संबंधित ऑपरेटर भी समय पर मौजूद नहीं था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अस्पताल में डॉ. अनिल कुमार के नाम से पर्चियां काटी जा रही थीं, जबकि मरीजों का उपचार डॉ. संतोष कुमार द्वारा किया जा रहा था। सूत्रों के मुताबिक करीब 10:15 बजे ओपीडी में पर्ची काटने का कार्य शुरू हुआ, जिसके बाद मरीजों को कुछ राहत मिली। अस्पताल कर्मियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि ओपीडी का निर्धारित समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक है।
मरीजों की जांच के दौरान अस्पताल की बीपी मशीन भी बार-बार खराब होती रही। एक मशीन खराब मिलने पर दूसरी मंगाई गई, लेकिन वह भी काम नहीं कर सकी। इसके बाद तीसरी मशीन का सहारा लेना पड़ा। इस अव्यवस्था के कारण मरीजों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ा।


अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था भी सवालों के घेरे में दिखाई दी। पैथोलॉजी लैब के बगल में बने शौचालय में कचरा जमा मिला, जबकि वहां बायोमेडिकल वेस्ट फेंका हुआ देखा गया। शौचालय की स्थिति किसी कबाड़घर जैसी प्रतीत हो रही थी। वहीं पैथोलॉजी लैब के समीप फर्श पर नयी सुई और डिसपो भी पड़ी मिलीं, जो लापरवाही को उजागर करता है।
अस्पताल में मरीजों के बैठने की व्यवस्था भी बदहाल दिखी। पैथोलॉजी लैब के बाहर लगे छत पंखे में केवल मोटर दिखाई दी, जबकि उसकी पंखुड़ियां गायब थीं। इससे गर्मी में मरीजों और उनके परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सूत्रों के अनुसार, सूचना मिलने पर ठाकुरगंज के चिकित्सा पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे। हालांकि उनके पहुंचने से कुछ देर पहले ही ओपीडी सेवा शुरू कर दी गई थी।
अस्पताल के ऑपरेटर ने बताया कि बुधवार को करीब 30 मरीजों की पर्ची डॉ. संतोष कुमार के नाम से काटी गई थी, जबकि अन्य पर्चियां डॉ. अनिल कुमार के नाम पर जारी की गई थीं। जबकि ड्यूटी पर डॉ. संतोष कुमार मौजूद थे।
गौरतलब है कि बीते महीने ठाकुरगंज विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई थी और संबंधित अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके अस्पताल की कई मूलभूत समस्याएं आज भी जस की तस बनी हुई हैं।
निरीक्षण के बाद भी नहीं सुधरी पौआखाली अस्पताल की तस्वीर, मरीजों को झेलनी पड़ी अव्यवस्था की मार।



