किशनगंजठाकुरगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

ठाकुरगंज : स्वच्छता अभियान की खुल रही पोल, कई पंचायतों में जगह-जगह कचरे का अंबार

किशनगंज, 18 अगस्त (के.स.)। फ़रीद अहमद, ठाकुरगंज प्रखंड क्षेत्र में स्वच्छता अभियान की जमीनी हकीकत जिम्मेदारों के दावों से अलग नजर आ रही है। प्रखंड क्षेत्र की अलग-अलग पंचायतों में कई स्थानों पर कचरे का अंबार लगा हुआ है। कहीं स्कूल के आसपास तो कहीं उप स्वास्थ्य केंद्र के समीप गंदगी का ढेर जमा है। बाजार और सार्वजनिक स्थान भी कचरे की समस्या से अछूते नहीं हैं।लोगों का कहना है कि स्वच्छता को लेकर समय-समय पर अभियान चलाए जाते हैं और लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया जाता है, लेकिन नियमित रूप से कचरा उठाव और सफाई की व्यवस्था नहीं होने के कारण कई जगहों पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।

सबसे चिंता की बात यह है कि कुछ स्थानों पर स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र के आसपास ही कचरा जमा है। इससे विद्यार्थियों, मरीजों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कचरे से दुर्गंध फैलने के साथ ही संक्रमण और मच्छरजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है।प्रशासन से मांग उठने लगी है कि ऐसे स्थानों को चिन्हित कर तत्काल सफाई कराई जाए और कचरा उठाव की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लोगों का कहना है कि केवल अभियान चलाने से नहीं, बल्कि उसकी नियमित निगरानी और धरातल पर प्रभावी कार्रवाई से ही स्वच्छता अभियान सफल हो सकता है। गौर करें कि इसको लेकर पंचायतों में कचरा घर भी बनाया गया है जहां अलग-अलग प्रकार के कचरों को इकट्ठा करना है उसके बावजूद भी कचरा जहां-तहां फेंका हुआ नजर आता है।

ठाकुरगंज प्रखंड क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों पर कचरे का यह अंबार कब हटेगा और जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या पर कब गंभीरता दिखाएंगे?

Related Articles

Back to top button