अपराधगिरफ्तारीताजा खबरपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

पूर्णिया : शादी का झांसा देकर राजस्थान के चार युवकों से लूट, पांच आरोपी गिरफ्तार, बोलेरो व मोबाइल बरामद

पूर्णिया,08अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, शादी कराने का झांसा देकर राजस्थान से आए चार युवकों के साथ लूटपाट करने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए मोबाइल, ट्रॉली बैग तथा घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी बरामद किया है।घटना 05 अप्रैल 2026 की रात की है, जब जिला अजमेर (राजस्थान) के चार व्यक्तियों को शादी कराने का झांसा देकर बनमनखी बुलाया गया। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें चारपहिया वाहन से लड़की दिखाने के बहाने सुनसान रास्ते की ओर ले गए। रास्ते में आरोपियों ने पीड़ितों के साथ मारपीट की और नकदी, चार मोबाइल फोन तथा ट्रॉली बैग लूट लिया।

यही नहीं, आरोपियों ने पीड़ितों को धमकाते हुए उनके मोबाइल फोन से 98 हजार रुपये भी फोन-पे के माध्यम से ट्रांसफर कर लिए और आधी रात को सुनसान सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।

इसी दौरान रात्रि गश्ती कर रही पुलिस टीम ने पीड़ितों को तत्काल सहायता प्रदान की। मामले में बनमनखी थाना कांड संख्या 87/26 दिनांक 06.04.2026 के तहत धारा 316(2), 318(2), 309(4), 140(3) एवं 111(2) भा.न्या.सं. के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस अधीक्षक पूर्णिया स्वीटी सेहरावत के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनमनखी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना में शामिल पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

  • मो. कौसर खान, मोहनपुर कटहारा, थाना छातापुर, जिला सुपौल
  • मो. मुमताज, मोहनपुर कटहारा, थाना छातापुर, जिला सुपौल
  • मो. आरिफ खान, मोहनपुर कटहारा, थाना छातापुर, जिला सुपौल
  • मो. मकबूल, मूल निवासी काकीनाड़ा, थाना जगदल, जिला बैरकपुर (प. बंगाल), वर्तमान मोहनपुर कटहारा, सुपौल
  • एक महिला आरोपी

बरामदगी

  • लूटे गए 04 मोबाइल सहित कुल 07 मोबाइल
  • एक ट्रॉली बैग
  • घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसकी जांच सीमावर्ती जिलों से की जा रही है। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शैलेश प्रीतम, थानाध्यक्ष संजय कुमार सहित बनमनखी थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!