**नाच-गाने में गहने लुटाने के बजाय बिहार के विकास के लिए संपत्ति दान करे लालू परिवार : डॉ. संतोष कुमार सुमन**
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा है कि इन दिनों लालू परिवार के आयोजनों में नाच-गाने के दौरान कंगन, सिकरी और अंगूठियां दान करने की तस्वीरें और चर्चाएं खूब सामने आ रही हैं। यदि दान देने की भावना वास्तव में इतनी प्रबल है तो लालू परिवार को अपनी अपार संपत्ति का कुछ हिस्सा बिहार के गरीबों, किसानों, छात्रों और युवाओं के कल्याण के लिए भी समर्पित करना चाहिए।
डॉ. सुमन ने कहा कि जो लोग प्रतिदिन देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर ज्ञान देते हैं, उन्हें यह भी बताना चाहिए कि वर्षों से जिन मामलों में वे आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर अदालतों के चक्कर लगाते रहे हैं, उस संपत्ति में से बिहार को क्या मिला। जनता यह जानना चाहती है कि गोपालगंज से लेकर देश-विदेश तक फैली बताई जाने वाली संपत्तियों का लाभ बिहार के लोगों को कब मिलेगा।
उन्होंने कहा कि राजद के नेता अक्सर पंडित जवाहरलाल नेहरू सहित अनेक ऐतिहासिक व्यक्तित्वों के उदाहरण देते हैं। यदि वे वास्तव में उदाहरण प्रस्तुत करना चाहते हैं तो अपनी संपत्ति का एक हिस्सा बिहार के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के कार्यों के लिए दान कर नई परंपरा की शुरुआत करें। इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और जनता के बीच उनकी विश्वसनीयता भी बढ़ेगी।
डॉ. सुमन ने कहा कि बिहार की जनता दिखावे की राजनीति से आगे बढ़ चुकी है। अब जनता केवल भाषण और प्रतीकात्मक उदारता नहीं, बल्कि वास्तविक जनसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व देखना चाहती है। यदि लालू परिवार को सचमुच बिहार की चिंता है तो उसे अपने संसाधनों का कुछ हिस्सा राज्य के विकास और जनहित के कार्यों में लगाकर यह साबित करना चाहिए कि उसकी चिंता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक भी है।


