District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य

किशनगंज : जोखिम की समय पर पहचान से सुरक्षित हो रहा मातृत्व

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत सदर अस्पताल में 29 गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड

किशनगंज, 10 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, गर्भावस्था के दौरान जोखिम की समय पर पहचान और उपचार से मातृ एवं शिशु मृत्यु को रोकने में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जिले में अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की नियमित प्रसव पूर्व जांच के साथ उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था (एचआरपी) की पहचान पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

सदर अस्पताल में अभियान के तहत डॉ. शबनम यास्मीन ने 29 गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया। जांच का उद्देश्य गर्भस्थ शिशु की स्थिति और गर्भावस्था से जुड़े संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान कर आवश्यक चिकित्सकीय निर्णय लेना है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एनीमिया, उच्च रक्तचाप, गर्भावस्था से संबंधित मधुमेह, पूर्व में जटिल प्रसव तथा कम या अधिक आयु जैसी स्थितियां गर्भावस्था को उच्च जोखिम वाली बना सकती हैं।

सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि सुरक्षित मातृत्व के लिए खतरे के संकेतों की पहचान प्रसव के समय तक इंतजार किए बिना की जानी चाहिए। एचआरपी की समय पर पहचान के बाद उपचार और जरूरत पड़ने पर रेफरल की व्यवस्था मातृ मृत्यु की रोकथाम में निर्णायक भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं से नियमित एएनसी जांच कराने की अपील की।

जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि मातृ एवं शिशु सुरक्षा स्वस्थ समाज की बुनियाद है। दूरदराज के गांवों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि समय पर जोखिम की पहचान होने से जटिलता बढ़ने से पहले चिकित्सकीय हस्तक्षेप संभव होता है।

स्वास्थ्य विभाग का जोर आशा, एएनएम और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाने और जरूरत के अनुसार उच्च स्वास्थ्य संस्थानों से जोड़ने पर है। इससे संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और गृह प्रसव की घटनाओं को कम करने में भी मदद मिलेगी। विभाग के अनुसार नियमित एएनसी से लेकर प्रसव और प्रसव बाद की देखभाल तक पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित मातृत्व की एक सतत श्रृंखला के रूप में विकसित किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button