किशनगंज : बेटियों की सुरक्षा के लिए आगे आई पुलिस दीदी, छात्राओं को बताए अधिकार और बचाव के तरीके
बेलवा काशीपुर उच्च माध्यमिक विद्यालय में महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने की काउंसलिंग, भयमुक्त होकर अपनी बात रखने के लिए किया प्रेरित
किशनगंज, 12 अक्टूबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पहल पर शुरू किए गए ‘पुलिस दीदी कार्यक्रम’ के तहत सोमवार को उच्च माध्यमिक विद्यालय, बेलवा काशीपुर में जागरूकता एवं काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के मार्गदर्शन में महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने विद्यालय की छात्राओं से संवाद कर उनकी सुरक्षा और सहायता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान महिला थानाध्यक्ष ने छात्राओं को समझाया कि पुलिस दीदी कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सुरक्षा उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि किशोरियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपनी समस्याएं खुलकर रखने का विश्वास दिलाना भी है। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, असुरक्षा या उत्पीड़न की स्थिति में छात्राएं चुप रहने के बजाय भरोसेमंद लोगों और पुलिस से सहायता लेने के लिए आगे आएं।
काउंसलिंग के माध्यम से छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि पुलिस उनकी सुरक्षा, सहायता और मार्गदर्शन के लिए हमेशा तत्पर है। इस पहल से किशोरियों और पुलिस के बीच संवाद को मजबूत करने तथा उनके मन से भय और झिझक दूर करने पर जोर दिया गया।
पुलिस दीदी कार्यक्रम का प्रमुख लक्ष्य विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास और जागरूकता बढ़ाना है। इसके माध्यम से किशोरियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उचित मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के जरिए यह संदेश दिया गया कि बेटियों की सुरक्षा केवल परिवार की नहीं, बल्कि समाज और प्रशासन की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। पुलिस और छात्राओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर उन्हें निर्भीक एवं सशक्त बनाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सुरक्षित बेटी, सशक्त बेटी-यही पुलिस दीदी कार्यक्रम का संकल्प है।



