किशनगंज : बारिश की फुहारों में भी महिलाओं का उत्साह कायम, समाज निर्माण की ओर सजग कदम

किशनगंज,05 जून(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बारिश की फुहारों के बीच भी किशनगंज में चल रहे महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी कम नहीं हुई है। सुहाने मौसम में भी महिलाएं पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर समाज निर्माण और विकास की दिशा में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
घरेलू जिम्मेदारियों और रोजगार के कार्यों को निपटाने के बाद महिलाएं समय निकालकर संवाद कार्यक्रम में शामिल हो रही हैं और बेबाकी से अपनी समस्याएं, आकांक्षाएं और सुझाव साझा कर रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने सड़क किनारे जल निकासी की समस्या और भूजल संरक्षण हेतु सोख्ता निर्माण जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। बहादुरगंज प्रखंड के गुआबाड़ी पंचायत के अनार ग्राम संगठन की फातिमा बेगम ने कहा कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था से सड़कें सुरक्षित रहेंगी और सोख्ता निर्माण से भूजल का स्तर बनाए रखने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, जिससे वे अधिक से अधिक लाभ उठा सकें। इस क्रम में सूचनात्मक लीफलेट का वितरण और संबंधित वीडियो फिल्म भी दिखाई जा रही है, ताकि वे योजनाओं को बेहतर ढंग से समझ सकें।
किशनगंज सदर प्रखंड के सावन ग्राम संगठन की नमिता देवी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे जय जीविका स्वयं सहायता समूह से ऋण लेकर किराना दुकान चला रही हैं और अब उन्हें नियमित आमदनी हो रही है। उन्होंने कहा, “पहले मजदूरी कर जीवन चलाते थे, लेकिन अब स्वरोजगार से सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं।”
महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाओं की मुखर भागीदारी और उनके विकास के प्रति सजग दृष्टिकोण ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया है। महिलाएं अपने ग्राम संगठनों के माध्यम से सामूहिक रूप से विचार साझा कर समाज को सुंदर और सशक्त बनाने का प्रयास कर रही हैं।