किशनगंज : बंद कमरे में फंदे से लटका मिला 71 वर्षीय वृद्ध का शव
पत्नी के बयान पर यूडी केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
किशनगंज, 08 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सदर थाना क्षेत्र के मोतिहारा तालुका पंचायत अंतर्गत अमलझाड़ी गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर के बंद कमरे से 71 वर्षीय वृद्ध का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान गांव निवासी जलालुद्दीन (71) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह जलालुद्दीन बेलवा से लौटने के बाद घर के बरामदे में बैठे थे। कुछ देर बाद जब परिजनों ने उन्हें वहां नहीं देखा तो उनकी तलाश शुरू की। इस दौरान उनका कमरा अंदर से बंद मिला। करीब साढ़े 11 बजे पत्नी और परिजनों ने किसी तरह दरवाजा खुलवाया तो अंदर जलालुद्दीन को फंदे से लटका पाया।
घटना की सूचना मिलते ही किशनगंज सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।
सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी रोजिला खातून के बयान पर शनिवार को यूडी केस दर्ज किया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



