अपराधकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : पते के विवाद में ब्लिंकिट डिलीवरी ब्वॉय पर मारपीट का आरोप, प्राथमिकी दर्ज

ऑर्डर करने वाले के भाई पर लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप, तीन नामजद समेत अन्य पर केस

किशनगंज, 08 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, शहर के खानकाह चौक में ऑनलाइन सामान की डिलीवरी के दौरान पते को लेकर हुए विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है। मामले में डिलीवरी ब्वॉय समेत तीन नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ शनिवार को किशनगंज सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार, खानकाह चौक निवासी एक युवक ने ऑनलाइन कंपनी ब्लिंकिट से कुछ सामान ऑर्डर किया था। डिलीवरी के लिए पहुंचे डिलीवरी ब्वॉय को सही पता नहीं मिल पा रहा था। इसी बात को लेकर डिलीवरी ब्वॉय और ऑर्डर करने वाले युवक के बीच फोन पर कहासुनी हो गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद डिलीवरी ब्वॉय ने फोन कर अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस होने लगी। इसी दौरान एक युवक ने ऑर्डर करने वाले के भाई पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

घटना को लेकर पीड़ित पक्ष ने सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई। सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button