किशनगंज : चोरी के गिरोह पर शिकंजे की तैयारी, एसपी ने गठित की एसआईटी
बहादुरगंज से सदर तक हुई वारदातों की जांच तेज, सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से अपराधियों की तलाश

किशनगंज, 08 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। बहादुरगंज और किशनगंज सदर थाना क्षेत्रों में सामने आई चोरी की वारदातों के बाद पुलिस ने अब अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। एसपी संतोष कुमार ने चोरी की घटनाओं के त्वरित उद्भेदन के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है। टीम को जल्द से जल्द मामलों का खुलासा कर अपराधियों तक पहुंचने का निर्देश दिया गया है।
एसआईटी ने प्रभावित इलाकों में जांच शुरू कर दी है। टीम घटनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। वारदात के दौरान अपराधियों की गतिविधियों और आने-जाने के रास्तों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के जरिए भी बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।
संदिग्धों की कुंडली खंगाल रही पुलिस
चोरी की पुरानी घटनाओं में शामिल रहे अपराधियों और हाल में संदिग्ध गतिविधियों में सामने आए लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का सर्विलांस और खुफिया तंत्र भी सक्रिय कर दिया गया है। संदिग्ध मोबाइल नंबरों और गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, चोरी की घटनाओं के तरीके और समय में समानता मिलने पर गिरोह से जुड़े सुराग तलाशे जा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर भी पुलिस लोगों से जानकारी जुटा रही है। ठोस सुराग मिलने के बाद संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जाएगी।
एसपी के निर्देश पर सीधे निगरानी
एसआईटी एसपी संतोष कुमार के दिशा-निर्देशन में काम कर रही है। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि चोरी की घटनाओं का शीघ्र उद्भेदन कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।


