किशनगंज में जिला शतरंज संघ की वार्षिक आमसभा सम्पन्न, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजन का निर्णय

किशनगंज,01 जून(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, रविवार को किशनगंज के जिलाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में जिला शतरंज संघ की वार्षिक सामान्य सभा का आयोजन जिलाधिकारी सभागार में किया गया। सभा में संघ की 29 वर्षों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए डीएम ने इसे अत्यंत प्रशंसनीय बताया और संघ के निरंतर प्रयासों की खुलकर प्रशंसा की।
कार्यक्रम की शुरुआत संघ के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. राजकरण दफ्तरी, धनंजय जायसवाल, ए. कविता जूलियाना, कमल मित्तल, उदय शंकर दुबे, मोहम्मद कलीमुद्दीन और डॉ. एम. आलम द्वारा डीएम विशाल राज को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत से हुई।
सभा के दौरान महासचिव शंकर नारायण दत्ता एवं आयोजन सचिव कमल कर्मकार ने वित्तीय वर्ष 2023-24 का 33 पृष्ठों का ऑडिटेड आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान संघ से जुड़े उत्कृष्ट खिलाड़ियों, पदाधिकारियों, प्रायोजकों, विद्यालयों और पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें सबसे महत्वपूर्ण निर्णय यह रहा कि आगामी वित्तीय वर्ष में जिला प्रशासन के सहयोग से एक अंतरराष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
सभा में नई कार्यकारिणी समिति की घोषणा भी की गई, जिसमें जिलाधिकारी विशाल राज को अध्यक्ष नियुक्त किया गया। कार्यकारी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव मंडल, संरक्षक मंडल एवं अन्य सदस्यों सहित सैकड़ों नामों को समिति में शामिल किया गया।
नवगठित कार्यकारिणी में प्रमुख नियुक्तियाँ इस प्रकार रहीं:
- अध्यक्ष: जिलाधिकारी, किशनगंज
- महासचिव: शंकर नारायण दत्ता
- आयोजन सचिव: कमल कर्मकार
- वित्तीय सचिव: संजय कुमार सुराणा
- कानूनी सलाहकार: जय किशन प्रसाद
- संरक्षक, उपाध्यक्ष एवं अन्य प्रमुख सदस्य: डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, त्रिलोक चंद्र जैन, सुशांत गोप, डॉ. इच्छित भारत, विमल मित्तल, डॉ. एम.एम. हैदर, मुनव्वर रिजवी, रिंकी झा, विशाल जैन, मनीष दफ्तरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तित्व।
इस आयोजन ने जिले में खेल भावना को और सशक्त किया है तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किशनगंज का नाम रोशन करने की दिशा में एक ठोस कदम माना जा रहा है।