District Adminstrationकिशनगंजज्योतिष/धर्मबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : ईद-ए-मिलादुन्नबी पर शहर में निकला भव्य जुलूस

चूड़ीपट्टी से सीरत कमेटी की अगुवाई में निकला मुख्य जुलूस

किशनगंज, 26 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, हजरत पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिन ईद-ए-मिलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर बुधवार को जिला मुख्यालय में अकीदत और एहतराम के साथ जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। पैगंबर साहब की शान में पढ़े जा रहे तरानों और नारों से शहर का माहौल भक्तिमय नजर आया।सुबह से ही शहर के विभिन्न मोहल्लों खगड़ा, दिलावरगंज, रुईधासा, कैलटैक्स चौक और तेघरिया से छोटे-छोटे जुलूस निकलने लगे थे। ये जुलूस चूड़ीपट्टी स्थित बज्म-ए-अदब के पास एकत्र हुए। इसके बाद सीरत कमेटी किशनगंज की अगुवाई में सभी जुलूस एकजुट होकर मुख्य जुलूस के रूप में आगे बढ़े। जुलूस में शामिल अकीदतमंद हाथों में हरे झंडे लिए चल रहे थे और पैगंबर मोहम्मद साहब के शांति, दया तथा भाईचारे के संदेशों को लोगों तक पहुंचा रहे थे।चूड़ीपट्टी से निकला जुलूस फल चौक, नेमचंद रोड, गांधी चौक, डेमार्केट, बस स्टैंड और हलीम चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। जुलूस के मार्ग में स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से जगह-जगह पानी, शरबत, फल और मिठाइयों के स्टॉल लगाए गए थे। लोगों ने अकीदतमंदों का स्वागत करते हुए आपसी सौहार्द की मिसाल पेश की।

डीएम-एसपी ने खुद संभाली कमान

जुलूस को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार स्वयं सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए थे। दोनों अधिकारियों ने गांधी चौक पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों से पल-पल की जानकारी ली। एसडीएम अनिकेत कुमार, एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह, ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार सिंह, सीओ राहुल कुमार और सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ जुलूस के मार्ग पर पैदल गश्त करते नजर आए। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की गई। प्रशासन की सतर्कता और आम लोगों के सहयोग से जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button