ताजा खबर

राजस्व कर्मचारियों के स्थानांतरण के लिए विभागीय पोर्टल लाइव

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/31 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे राजस्व कर्मचारी, राज्य स्तरीय संवर्ग बनने के बाद पहली बड़ी पहल

राज्य के माननीय राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल ने राजस्व कर्मचारियों के पदस्थापन एवं स्थानांतरण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने राजस्व कर्मचारियों के ऐच्छिक स्थानांतरण एवं पदस्थापन के लिए विभागीय पोर्टल को 13 मई 2026 से लाइव करने का निर्णय लिया है। यह पोर्टल 31 मई 2026 तक सक्रिय रहेगा, जिसके माध्यम से कर्मचारी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इस संबंध में विभाग के अवर सचिव श्री अरविन्द कुमार द्वारा राज्य सूचना विज्ञान पदाधिकारी, बिहार को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिहार राजस्व कर्मचारी संवर्ग नियमावली, 2025 लागू होने के बाद राजस्व कर्मचारी संवर्ग अब राज्य स्तरीय संवर्ग बन चुका है। इसके बाद पहली बार राज्य स्तर पर ऑनलाइन माध्यम से स्थानांतरण और पदस्थापन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार इस नई व्यवस्था से स्थानांतरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा कर्मचारियों को आवेदन के लिए कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित होने के कारण समय की बचत भी होगी और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी।

विभाग ने इस संबंध में सभी समाहर्ताओं, अपर समाहर्ताओं, भूमि सुधार उप समाहर्ताओं एवं अंचल अधिकारियों को भी सूचना भेज दी है, ताकि संबंधित कर्मचारियों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।

माननीय मंत्री के नेतृत्व में विभाग की इस पहल को प्रशासनिक सुधार और डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!