*औद्योगिक विकास एवं निवेशक हितों से जुड़े विषयों पर उद्योग विभाग एवं उद्योग संगठनों की समन्वय बैठक आयोजित*
*उद्योग विभाग, उद्योग संगठनों एवं अन्य हितधारकों के बीच प्रत्येक 30-45 दिनों पर नियमित समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी : उद्योग मंत्री*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/राज्य में औद्योगिक विकास को गति प्रदान करने, निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण को और सुदृढ़ बनाने तथा उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श के उद्देश्य से उद्योग विभाग एवं प्रमुख उद्योग संगठनों के साथ एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीया उद्योग मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने की। उद्योग विभाग के सचिव-सह-प्रबंध निदेशक, बियाडा एवं आयडा, श्री कुंदन कुमार ने बैठक का संचालन किया। बैठक के प्रारंभ में उद्योग निदेशक श्री मुकुल कुमार गुप्ता ने स्वागत संबोधन दिया।
बैठक में बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए), बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (बीसीसीआई) तथा कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर औद्योगिक विकास, निवेश संवर्धन, उद्योगों के समक्ष विद्यमान चुनौतियों के समाधान, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण, नीतिगत सुधारों तथा निवेशकों को बेहतर एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा औद्योगिक विकास एवं निवेश प्रोत्साहन से संबंधित विभिन्न सुझाव एवं फीडबैक साझा किए गए। बैठक में प्राप्त सुझावों पर विभाग द्वारा समुचित कार्रवाई किए जाने पर भी विचार-विमर्श हुआ। यह बैठक राज्य में उद्योग-अनुकूल वातावरण को और मजबूत बनाने तथा औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।
इस अवसर पर माननीया उद्योग मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार उद्योग एवं निवेश के लिए एक सक्षम, प्रतिस्पर्धी एवं निवेशक-अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उद्योग विभाग एवं उद्योग संगठनों के मध्य सतत संवाद एवं समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक 30 से 45 दिनों के अंतराल पर नियमित समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से उद्योग जगत से जुड़े मुद्दों के त्वरित समाधान, नीतिगत सुधारों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा राज्य के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
उद्योग विभाग के सचिव-सह-प्रबंध निदेशक, बियाडा एवं आयडा, श्री कुंदन कुमार ने कहा कि उद्योग विभाग निवेशकों को पारदर्शी, समयबद्ध एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि उद्योग संगठनों के साथ नियमित संवाद एवं सहभागिता से निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा तथा राज्य में रोजगार सृजन एवं औद्योगिक विकास को और बल प्राप्त होगा।
बैठक में निदेशक, हस्तकरघा एवं रेशम निदेशालय, डॉ. विद्यानंद सिंह, बियाडा एवं आयडा के वरिष्ठ पदाधिकारी तथा उद्योग विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


