किशनगंज : 406.68 लीटर विदेशी शराब बरामद, पिकअप जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

किशनगंज, 31 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत किशनगंज पुलिस ने कोचाधामन थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 406.68 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब ढोने में इस्तेमाल बिना निबंधन नंबर की एक पिकअप वाहन को जब्त करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान कोचाधामन थाना क्षेत्र के बगलबाड़ी गांव निवासी मंजूर आलम (29) के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में जिले में अवैध शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 30 अगस्त को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पिकअप वाहन से अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर कोचाधामन थाना पुलिस ने चरैया-धनसोना के बीच लिलिहाधार पुल के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया।
इसी दौरान किशनगंज की ओर से आ रही बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की पिकअप को पुलिस ने रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से विभिन्न ब्रांड की कुल 406.68 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने पिकअप चालक मंजूर आलम को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित ने पुलिस को बताया कि शराब की खेप पश्चिम बंगाल से अररिया ले जाई जा रही थी। पुलिस अब शराब की खेप से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार में शामिल अन्य तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
मामले में कोचाधामन थाना कांड संख्या 457/2026 दर्ज कर बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष इजहार आलम सहित पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल थे।



