District Adminstrationकिशनगंजन्यायपालिकाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, बैंक ऋण मामलों के त्वरित निपटारे पर जोर

किशनगंज, 28 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, व्यवहार न्यायालय परिसर, किशनगंज में आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार नम्रता तिवारी की अध्यक्षता में बैंक प्रबंधकों के साथ बैठक हुई। बैठक में अग्रणी बैंक प्रबंधक सहित जिले के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में जिला जज नम्रता तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य आपसी समझौते के आधार पर लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों का त्वरित निष्पादन कर लोगों को मुकदमों की जटिलता से राहत दिलाना है। उन्होंने सभी बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिया कि बैंक ऋण से संबंधित बकाएदारों और चूककर्ताओं को अधिक से अधिक राहत प्रदान करते हुए मामलों के निपटारे की दिशा में प्रभावी पहल करें।

उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति से मामलों का समाधान होने से पक्षकारों को समय और धन की बचत होती है। साथ ही न्यायालयों पर लंबित मामलों का बोझ कम होने के साथ बैंकों के फंसे ऋण की वसूली भी आसान होती है।

बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ओम शंकर ने बैंकों से अपने-अपने स्तर पर जागरूकता शिविर आयोजित करने तथा ग्राहकों को राष्ट्रीय लोक अदालत के लाभों की जानकारी देने का आग्रह किया। उन्होंने अधिक से अधिक बैंक ऋण मामलों को आपसी समझौते से निपटाने पर जोर दिया।

इस दौरान मौजूद बैंक प्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि अधिक से अधिक मामलों का निपटारा आपसी सहमति के आधार पर कराने का प्रयास किया जाएगा।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button