
सागर कुमार विशेष संवाददाता
‘‘कार्यकर्ताओं के दरबार में माननीय मंत्री’’
प्रदेश मुख्यालय में बुधवार को ‘‘कार्यकर्ताओं के दरबार में माननीय मंत्री’’ कार्यक्रम में माननीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार जी एवं माननीय लघु जल संसाधन मंत्री श्री जयंत राज जी हुए सम्मिलित
भाजपा नेताओं व उनकी सत्ता के विरुद्ध बोलने वालों के विरुद्ध बदले की भावना से कारवायी हो रही: श्रवण कुमार
भाजपा को 2024-2025 में आंटे- दाल का भाव पता चल जाएगा: जयंत राज
15 फरवरी 2023, पटना।
माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के निर्देश पर प्रदेश कार्यालय में सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने एवं जनसमस्याओं के समाधान हेतु होने वाले ‘‘कार्यकर्ताओं के दरबार में माननीय मंत्री’’ कार्यक्रम में बुधवार को माननीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार जी एवं माननीय लघु जल संसाधन मंत्री श्री जयंत राज जी सम्मिलित हुए और विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को सुन उनका समाधान किया व संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर महासचिव श्री मृत्युंजय कुमार सिंह एवं सचिव श्री वासुदेव कुशवाहा भी उपस्थित रहे।
कार्यकर्त्ताओं के दरबार में माननीय मंत्री कार्यक्रम के पश्चात पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री श्री श्रवण कुमार ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के निर्देश पर पार्टी कार्यालय में मंगलवार से शुक्रवार तक जनसुनवाई कार्यक्रम में लोगों के फरियाद सुन उनका समाधान किया जाता है। हमलोगों का जो जनता के साथ कमिटमेंट है उसको पूरा करने और उसे मुकाम तक पहुंचाने में ही हम सब की दिलचस्पी है।
मंत्री श्रवण कुमार ने बलियावी के बयान संबंधी सवाल का जवाब देते हए कहा कि यह मामला हमलोगों के सर्वमान्य नेता श्री नीतीश कुमार के संज्ञान में आ गयी है, वो इस संदर्भ में उचित निर्णय लेंगे। उपेन्द्र कुशवाहा जी द्वारा जदयू के कमजोर होने की बात करते हुए 19-20 को बैठक बुलाये जाने संबंधी एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पार्टी मुख्यमंत्री जी, राष्ट्रीय एवं प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में लगातार मजबूत हो रही है। पिछले दिनों सम्पन्न सदस्यता अभियान में भी पार्टी के अब तक के सर्वाधिक सदस्य बने हैं। फिर भी अगर उन्हें कोई बात लगती है तो पार्टी में रखनी चाहिए, कोई गलत बात बोलना और अलग से बैठक बुलाना सही नहीं है।
बीबीसी पर हुयी छापेमारी संबंधी एक अन्य सवाल के जवाब में श्रवण कुमार जी ने कहा कि जो लोग भी भाजपा के नेताओं या उनकी सत्ता के विरुद्ध बोलेगा उनके खिलाफ बदले की भावना से ग्रस्त होकर भाजपा के लोग इस तरह की कारवायी करेंगे ही। भाजपा के लोग जिस प्रकार नफरत फैला रहे हैं उन्हें इसका खामियाजा 2024 एवं 2025 में भुगतना पड़ेगा। अमित शाह के बिहार दौरे संबंधी सवाल पर कहा कि राजनीति में सभी का आना- जाना लगा रहता है पर उन्हें यहाँ कुछ मिलने वाला नहीं है। उन्हें यहाँ की समस्याओं और चिंताओं पर भी सोचना चाहिए, बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने, पटना विवि को केन्द्रीय विवि का दर्जा देने पर बोलना चाहिए।
मंत्री श्री जयंत राज ने इस अवसर पर भाजपा नेताओं द्वारा की जा रही बयानबाजी संबंधी एक सवाल के जवाब में कहा कि देश के लोग रोजगार और विकास चाहते हैं, बयान और जुमला नहीं। भाजपा को 2024- 2025 के चुनाव में आंटे- दाल का भाव पता चल जाएगा। आसन्न लोकसभा चुनाव में 7 दलों के महागठबंधन द्वारा बिहार की 40 में सभी 40 सीटें जीती जायेंगी। प्रशांत किशोर के बारे में एक सवाल का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि रणनीति बनाना और राजनीति करना दो अलग बातें हैं वो राजनीतिज्ञ बनने की राह में चल पड़े हैं, सफर तय करने दीजिये, समय जवाब देगा। उप मुख्यमंत्री श्री तेजस्वी यादव के दिल्ली के मुख्यमंत्री से मुलाकात करने संबंधी सवाल पर कहा कि विपक्ष के सभी नेता एक दुसरे से मिल रहे हैं। हम सभी के सामने 2024 में देश में लोकतंत्र और संविधान बचाने का मुदा है।


