अपराध

एसएसपी की समीक्षा बैठक के चंद घंटों बाद रांची में भीषण डकैती, 48 घंटे में दूसरी वारदात…

रांची//राजधानी रांची में अपराध नियंत्रण और त्योहारों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन के दावों की हवा निकल गई है। सोमवार शाम एसएसपी राकेश रंजन ने जिले के तमाम पुलिस अफसरों और थानेदारों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के कड़े निर्देश दिए थे। बैठक में साफ कहा गया था कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा, पंडालों की 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों और वॉच टावर से निगरानी की जाएगी और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए शक्ति कमांडो तैनात रहेंगी। मगर इन सख्त हिदायतों के चंद घंटों बाद ही मंगलवार तड़के अपराधियों ने कांके थाना क्षेत्र के रिंग रोड इलाके में कृषि विभाग के अधिकारी रामाशंकर प्रसाद के घर डकैती डालकर पुलिस को सीधी चुनौती दे दी।

गन पॉइंट पर पूरे परिवार को बनाया बंधक

मंगलवार की अहले सुबह करीब पांच हथियारबंद अपराधी एक कार में सवार होकर कृषि पदाधिकारी रामाशंकर प्रसाद के तीन मंजिला आवास पर पहुंचे। घर में दाखिल होते ही बदमाशों ने हथियारों के बल पर पूरे परिवार को बंधक बना लिया। अपराधियों के खौफ के कारण परिवार का कोई भी सदस्य विरोध करने या शोर मचाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। इसके बाद बदमाशों ने इत्मीनान से पूरे घर में लूटपाट मचाई और अलमारियों में रखे 10 लाख रुपये नकद समेत लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात समेट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी उसी कार में सवार होकर आसानी से फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है और इलाके में दहशत का माहौल है।

डॉग स्क्वॉयड और तकनीकी टीम के साथ तफ्तीश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही कांके थाना पुलिस, डॉग स्क्वॉयड और तकनीकी जांच दल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवार से बातचीत कर साक्ष्य जुटाने की कोशिश की। ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि शुरुआती तफ्तीश के मुताबिक लगभग आधा दर्जन अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया है। गृहस्वामी ने 10 लाख रुपये नकद लूट की पुष्टि की है, जबकि लूटे गए आभूषणों के सटीक मूल्य का आकलन किया जा रहा है। पुलिस टीम रिंग रोड और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल कर कार के भागने की दिशा और अपराधियों की पहचान करने में लगी है।

48 घंटे में दूसरी वारदात

कांके थाना क्षेत्र में 48 घंटे के भीतर यह दूसरी बड़ी आपराधिक घटना है। इससे पहले रविवार की देर रात इसी रिंग रोड पर हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप के बाहर बाइक सवार अपराधियों ने अंधाधुंध चार राउंड गोलियां चलाई थीं। पुलिस उस मामले में मौके से खोखा बरामद कर अभी जांच ही कर रही थी कि अपराधियों ने अधिकारी के घर डकैती का बड़ा कांड कर दिया। जब त्योहारों को लेकर जिले भर में सघन वाहन चेकिंग और रात्रि गश्त के दावे किए जा रहे हों, उस समय हथियारों से लैस अपराधियों का कार में घूमना और बड़ी वारदात कर निकल जाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Related Articles

Back to top button