बिहारब्रेकिंग न्यूज़

सहरसा : सरोजा भगवती स्थान में कलश स्थापना के दिन से शुरू हुआ रामलीला, अयोध्या के कलाकार दशमी तक करेंगे रामलीला का मंचन

सहरसा, 12 अक्टूबर (के.स.)। अजय कुमार, दुर्गा पूजा के अवसर पर रविवार की शाम सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के सरोजा पंचायत स्थित भगवती स्थान प्रांगण में रामलीला कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। स्थानीय विधायक संजय कुमार सिंह, मुखिया कुमारी चित्रा सिंह, मेला अध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह, खजूरी मुखिया संतोष कुमार सिंह, शैलेन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। रामलीला शुरू होते ही पूजा और मेले का माहौल भक्तिमय हो गया। उद्घाटन के बाद विधायक संजय कुमार सिंह ने कहा कि रामलीला जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करते हैं। भगवान श्रीराम का जीवन हम सभी के लिए आदर्श है। उन्होंने पिता के वचन का पालन करने के लिए राजमहल का सुख त्यागकर वनवास स्वीकार किया। उनके जीवन से सत्य, मर्यादा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि रामलीला हमारी संस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।

मेला अध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि इस वर्ष मेले का विस्तार किया गया है। अयोध्या से आये कलाकारों की टीम राकेश मिश्रा के नेतृत्व में कलश स्थापना के दिन से रामलीला का मंचन कर रही है, जो दशमी तक चलेगा। इसमें भगवान श्रीराम की बाल लीला से लेकर रावण वध तक की प्रमुख घटनाओं का मंचन किया जाएगा। भगवती स्थान प्रांगण में लगने वाले मेले में श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले, मीना बाजार और खानपान की दुकानें सजाई जाएंगी।

आयोजन में जय प्रताप सिंह, मिथिलेश कुमार सिंह, हेमंत कुमार सिंह, दिवाकर सिंह, बंधन सिंह, विभूति सिंह, बंटी सिंह, सुमित सिंह, विक्रम सिंह, सागर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button