District Adminstrationअपराधकिशनगंजताजा खबरबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : सदर थाना परिसर में कांस्टेबल ने सर्विस पिस्टल से गोली मारकर की आत्महत्या

पत्नी से फोन पर बातचीत के दौरान कहासुनी की चर्चा, दो-तीन दिनों से परेशान बताए जा रहे थे समीर कुमार, एफएसएल टीम करेगी जांच

किशनगंज, 11 अक्टूबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, किशनगंज सदर थाना परिसर स्थित पुलिस बैरक में रविवार सुबह डायल 112 में तैनात एक कांस्टेबल ने अपनी सर्विस पिस्टल से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना सुबह करीब 8 से 8:15 बजे के बीच की बताई जा रही है। गोली चलने की आवाज सुनकर पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में कांस्टेबल को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगापुर निवासी समीर कुमार के रूप में हुई है।

गोली की आवाज सुनकर बैरक पहुंचे पुलिसकर्मी

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह पुलिस बैरक के पास गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मी बैरक पहुंचे, जहां समीर कुमार अचेत अवस्था में जमीन पर पड़े मिले। सूचना मिलने पर सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, एसडीपीओ-वन खुसरू सिराज और अंचलाधिकारी राहुल कुमार भी सदर अस्पताल पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली।

पत्नी से बातचीत के दौरान विवाद की चर्चा

सहकर्मियों के अनुसार, समीर कुमार शनिवार रात ड्यूटी से लौटने के बाद खाना खाकर आराम करने चले गए थे। रविवार सुबह वह अपनी पत्नी से मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी होने की बात सामने आई है। सहकर्मियों ने बताया कि समीर पिछले दो-तीन दिनों से परेशान नजर आ रहे थे। हालांकि, पारिवारिक विवाद को आत्महत्या का कारण मानने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

समस्तीपुर से मधुबनी और फिर किशनगंज आए थे समीर

समीर कुमार की पहली पोस्टिंग वर्ष 2015 में समस्तीपुर में हुई थी। इसके बाद उनका तबादला मधुबनी कर दिया गया, जहां वह वर्ष 2025 तक तैनात रहे। अगस्त 2025 में किशनगंज जिला बल में योगदान देने के बाद शुरुआत में उनकी तैनाती पुलिस लाइन में हुई। करीब छह महीने पहले उन्हें डायल 112 में तैनात किया गया था।

एसपी संतोष कुमार के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की विशेष टीम को बुलाया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button