किशनगंज : कोढ़ोबाड़ी थाने के अपर थानाध्यक्ष निलंबित, वाहनों को बिना कार्रवाई छोड़ने का आरोप

किशनगंज, 24 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, कोढ़ोबाड़ी थाना के अपर थानाध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर निजी स्वार्थ के लिए अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों से सांठ-गांठ कर जब्त वाहनों को बिना कानूनी प्रक्रिया के मुक्त करने समेत कर्तव्य में घोर लापरवाही, संदिग्ध आचरण, अवैध उगाही और रिश्वतखोरी के आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, कोढ़ोबाड़ी थानाध्यक्ष की ओर से एसपी को दिए गए लिखित प्रतिवेदन के आधार पर यह कार्रवाई की गई। प्रतिवेदन में बताया गया कि 5 सितंबर 2026 की रात लोहागाड़ा चौक से लावारिस हालत में एक मोटरसाइकिल पकड़ी गई थी। मोटरसाइकिल को एसएसबी कैंप कंचनबाड़ी में रखवाया गया था। आरोप है कि अगले दिन पुलिस अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बिना किसी कागजी प्रक्रिया और थाना दैनिकी में प्रविष्टि किए मोटरसाइकिल को छोड़ दिया।
इसी तरह 13 सितंबर को मद्यनिषेध छापेमारी के दौरान अवैध खाद लदे एक पिकअप वाहन को पकड़ा गया था। पुलिस के मुताबिक वाहन को थाना लाया जा रहा था, लेकिन खरखरिया चौक के पास उसे किसी वरीय पदाधिकारी को सूचना दिए बिना छोड़ दिया गया। इसके अलावा 23 सितंबर को दिवा गश्ती के दौरान लक्ष्मीपुर नदी में अवैध खनन करते हुए फंसे बालू लदे ट्रैक्टर को भी बिना कानूनी कार्रवाई के छोड़ने का आरोप है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी संतोष कुमार ने प्रमोद कुमार यादव को 24 सितंबर 2026 से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही विभागीय कार्रवाई के लिए सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। पूरे मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-02, किशनगंज को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें चार दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया गया है।
किशनगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य में लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्ट आचरण के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई गई है। दोषी पाए जाने वाले किसी भी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



