District Adminstrationबिहारब्रेकिंग न्यूज़

सहरसा : उच्च विद्यालय मैदान का जल्द बदलेगा स्वरूप, डेढ़ करोड़ से होगा कायाकल्प

चहारदीवारी, मिट्टी भराई, मंच, ड्रेसिंग रूम व महिला-पुरुष शौचालय का होगा निर्माण, तीन गेट बनाए जाएंगे, आपातकालीन गेट भी होगा

सहरसा, 24 सितंबर (के.स.)। अजय कुमार, जिले के सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद मुख्यालय स्थित एक मात्र प्रमुख उच्च विद्यालय मैदान का जल्द ही स्वरूप बदला हुआ नजर आयेगा। मैदान को व्यवस्थित और खेल सुविधाओं से लैस करने की दिशा में नगर परिषद प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी रामविलास दास ने बुधवार को कर्मियों के साथ उच्च विद्यालय मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान मैदान के विकास को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई और स्थल का जायजा लिया गया।ईओ रामविलास दास ने बताया कि करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से उच्च विद्यालय मैदान का व्यवस्थित तरीके से विकास एवं सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसके तहत मैदान में चहारदीवारी निर्माण के साथ मिट्टी भराई का कार्य कराया जाएगा। मैदान को समतल और उपयोगी बनाने के बाद खिलाड़ियों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि मैदान में मंच,महिला एवं पुरुष शौचालय तथा ड्रेसिंग रूम के साथ साथ दर्शकों के बैठने के लिए स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा मैदान में तीन गेट बनाए जाएंगे। इनमें एक गेट को आपातकालीन स्थिति के लिए रखा जाएगा, ताकि किसी भी आवश्यकता के समय आवागमन में परेशानी नहीं हो।

‘खिलाड़ियों को मिलेगी बेहतर सुविधा’

नगर परिषद प्रशासन की इस पहल से शहर और आसपास के क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधा मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में मैदान में कई स्तर पर सुविधाओं का अभाव है। विकास कार्य पूरा होने के बाद यहां खेल गतिविधियों के आयोजन के साथ-साथ विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए भी बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।

बताया गया कि गत दिनों जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार ने भी उच्च विद्यालय मैदान का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर परिषद प्रशासन को मैदान को व्यवस्थित रूप से विकसित करने का निर्देश दिया था। डीएम के निर्देश के बाद नगर परिषद प्रशासन ने मैदान के विकास की दिशा में अपनी पहल तेज कर दी है। निरीक्षण के दौरान जेई दीपक कुमार, टैक्स दारोगा हसनैन मोहसिन और अमीन भीम कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button