District Adminstrationकिशनगंजताजा खबरबिहारब्रेकिंग न्यूज़राज्य

किशनगंज : तीन साल से प्रेम संबंध, चार माह पहले कोर्ट मैरिज, मुंबई से किशनगंज पहुंची युवती सुरक्षित बरामद

अपहरण की पुष्टि नहीं, पुलिस ने सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को बताया भ्रामक, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी

किशनगंज, 24 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता 22 वर्षीय अनामिका कुमारी को किशनगंज पुलिस ने गुरुवार को बस स्टैंड के पास से सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच और युवती के दर्ज बयानों से उसके अपहरण की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस प्रशासन ने सोशल मीडिया व कुछ मीडिया माध्यमों पर चल रही अपहरण की खबरों का पूरी तरह खंडन किया है और भ्रामक व अपुष्ट सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।

गुरुवार कि देर शाम को किशनगंज पुलिस के द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के भेलागुड़ी निवासी महिला ने 15 सितंबर को अपनी पुत्री के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। दर्ज शिकायत के अनुसार 13 सितंबर की सुबह छतरगाछ बाजार स्थित कपड़ा मॉल काम करने गई थी। दोपहर करीब 1:30 बजे तबीयत खराब होने की बात कहकर वह मॉल से निकली, लेकिन रात तक घर वापस नहीं पहुंची। काफी खोजबीन के बाद दोस्तों से मिली जानकारी के आधार पर परिजनों ने एक मोबाइल नंबर धारक पर संदेह जताया, जिसके बाद पुलिस ने कांड संख्या 237/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
​

अनुसंधान के दौरान तकनीकी व मानवीय आसूचना के जरिए पुलिस को युवती के मुंबई में होने और इसमें पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के मन्नाटोला मोटाबारी निवासी आदिल हुसैन तथा उसके मित्र रहीम की संलिप्तता का पता चला। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर लगातार दबिश दी। पुलिसिया दबाव के कारण युवती 19 सितंबर को मुंबई से किशनगंज के लिए रवाना हुई। पुलिस टीम उसकी हर गतिविधि पर निगरानी रख रही थी और गुरुवार को बस स्टैंड के पास से उसे सुरक्षित बरामद कर लिया गया।​

महिला थाना में महिला पुलिस अधिकारी द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 180(1) के तहत दर्ज कराए गए बयान में युवती ने स्पष्ट किया कि वह अपनी स्वेच्छा से किशनगंज से पटना होते हुए मुंबई गई थी। उसने बताया कि एक युवक के साथ उसका पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध था और दोनों ने करीब चार महीने पहले कोर्ट मैरिज कर ली थी। परिजन उसकी शादी किसी अन्य जगह कराना चाहते थे, इसीलिए वह उक्त युवक के बुलावे पर मुंबई चली गई थी।​

फिलहाल पुलिस ने युवती की चिकित्सीय जांच कराने के साथ ही अदालत में धारा 183 बीएनएस के तहत बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे इस संवेदनशील मामले में किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें प्रसारित करें।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button