ताजा खबर

*कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने किया इक्विटी ग्रुप, केन्या के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत, कल जमीनी स्तर पर बिहार की डिजिटल कृषि पहलों का अवलोकन करेगा प्रतिनिधिमंडल*

बिहार की डिजिटल कृषि और किसान सेवाओं को समझने आया केन्या का प्रतिनिधिमंडल

 

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पटना। बिहार में डिजिटल कृषि, किसान-केंद्रित सेवाओं एवं कृषि क्षेत्र में तकनीक के उपयोग को समझने के उद्देश्य से केन्या के प्रतिष्ठित इक्विटी ग्रुप होल्डिंग्स के प्रतिनिधिमंडल ने आज कृषि भवन, पटना में कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल के साथ माइक्रोसेव कंसल्टिंग के प्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर बिहार में विकसित डिजिटल कृषि तंत्र, बिहार कृषि ऐप , किसानों को उपलब्ध कराई जा रही डिजिटल सेवाओं तथा कृषि क्षेत्र में तकनीक आधारित विभिन्न पहलों के संबंध में प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी गई। बैठक में डिजिटल किसान सेवाएँ, कृषि परामर्श, कृषि योजनाओं तक पहुँच, बाजार संपर्क, कृषि वित्त, किसान ऋण तथा वित्तीय समावेशन से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

माननीय कृषि मंत्री ने कहा कि बिहार कृषि मोबाइल एप के माध्यम से किसानों को कृषि संबंधी विभिन्न सेवाओं, सूचनाओं एवं सुविधाओं से डिजिटल रूप से जोड़ा जा रहा है। वहीं डिजिटल फसल सर्वेक्षण के माध्यम से खेतों में बोई गई फसलों से संबंधित जानकारी को डिजिटल रूप से संकलित किया जा रहा है। फार्मर आई०डी० और किसान पंजीकरण जैसी पहलों के माध्यम से किसानों से संबंधित आवश्यक सूचनाओं को व्यवस्थित किया जा रहा है। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक सीधे और पारदर्शी तरीके से पहुँचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल कृषि और वित्तीय समावेशन एक-दूसरे को मजबूती प्रदान कर सकते हैं। किसानों की पहचान, भूमि एवं कृषि से संबंधित आवश्यक जानकारी डिजिटल रूप से व्यवस्थित होने से कृषि सेवाओं के साथ-साथ उपयुक्त वित्तीय सेवाओं और संस्थागत ऋण तक किसानों की पहुँच को भी बेहतर बनाया जा सकता है।

*कल प्रतिनिधिमंडल करेगा कृषि गतिविधियों का क्षेत्र भ्रमण*

इक्विटी ग्रुप का प्रतिनिधिमंडल बिहार में कृषि क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न कार्यों और नवाचारों को जमीनी स्तर पर समझने के लिए कल क्षेत्र भ्रमण भी किया जाएगा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल को बिहार में कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों और पहलों का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया जाएगा।

माननीय मंत्री ने बताया ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल को बीज गुणन प्रक्षेत्र में बीज उत्पादन एवं बीज की गुणवत्ता से संबंधित गतिविधियों, कृषि यंत्रीकरण के क्षेत्र में आधुनिक कृषि मशीनरी एवं तकनीक के उपयोग तथा किसानों तक कृषि यंत्रों की पहुँच के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही वित्तीय समावेशन से जुड़ी गतिविधियों का भी अवलोकन कराया जाएगा। किसानों को संस्थागत ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड, बैंकिंग सेवाओं तथा अन्य वित्तीय सुविधाओं से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्रतिनिधिमंडल को दी जाएगी।

*बिहार की कृषि पहलों को जमीनी स्तर पर समझेगा प्रतिनिधिमंडल*

बैठक के दौरान इक्विटी ग्रुप के प्रतिनिधिमंडल ने बिहार में डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, किसान पहचान, कृषि सलाह, कृषि निवेश सेवाओं, बाजार संपर्क तथा डिजिटल वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को समझने में विशेष रुचि दिखाई।

प्रतिनिधिमंडल को बिहार में कृषि क्षेत्र में तकनीक के उपयोग, संस्थागत व्यवस्थाओं तथा डिजिटल माध्यम से किसानों तक सेवाओं की पहुँच के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही बिहार की कृषि गतिविधियों को जमीनी स्तर पर समझने के लिए विभिन्न कृषि संस्थानों एवं प्रक्षेत्रों का भ्रमण कराया जाएगा।

माननीय मंत्री ने बताया कि बैठक में बिहार और केन्या के बीच कृषि क्षेत्र में तकनीकी अनुभवों, नवाचारों, कृषि वित्त, बाजार संपर्क और किसान-केंद्रित डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में अनुभवों के आदान-प्रदान की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इस अवसर पर नाबार्ड, बिहार तथा भारतीय रिजर्व बैंक, पटना क्षेत्रीय कार्यालय के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया था। उनके द्वारा डिजिटल कृषि, कृषि वित्त, वित्तीय समावेशन, संस्थागत ऋण तथा किसान क्रेडिट कार्ड से संबंधित विषयों पर जानकारी साझा की गई।

कृषि मंत्री ने इक्विटी ग्रुप होल्डिंग्स एवं माइक्रोसेव कंसल्टिंग के प्रतिनिधियों का बिहार आगमन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय अनुभवों के आदान-प्रदान से बिहार में डिजिटल कृषि, कृषि यंत्रीकरण, वित्तीय समावेशन और किसान-केंद्रित सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में नई संभावनाएँ विकसित होंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button