किशनगंज : दहेज के लिए विवाहिता को चार वर्षीय बेटे समेत घर से निकालने का आरोप

किशनगंज, 11 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, फतेहपुर थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और चार वर्षीय बेटे समेत घर से निकालने का आरोप लगाया है। मामले में महिला ने नौ सितंबर को महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राथमिकी के अनुसार, विवाहिता का निकाह करीब चार वर्ष पूर्व मो. नैयर आलम के साथ हुआ था। महिला ने बताया है कि शादी से पहले दोनों के बीच प्रेम संबंध था और परिवार की सहमति के बाद दोनों का निकाह हुआ। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना करने लगे।
महिला ने आवेदन में बताया है कि उसका चार वर्षीय बेटा मुजम्मिल आलम शारीरिक रूप से दिव्यांग है। आरोप है कि बच्चे की स्थिति को लेकर भी ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित करते थे। प्राथमिकी के अनुसार, महिला का पति फिलहाल चेन्नई में काम करता है। महिला द्वारा फोन पर शिकायत किए जाने के बाद पति भी कथित रूप से परिवार के लोगों के प्रभाव में आकर मायके से दहेज लाने का दबाव बनाता था।
महिला के अनुसार, 27 अगस्त की सुबह वह अपने बेटे को नाश्ता खिला रही थी। इसी दौरान सास समेत पांच लोगों ने कथित रूप से उसके और बच्चे के साथ दुर्व्यवहार किया और दोनों को घर से निकाल दिया। महिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने पति की दूसरी शादी कराने की धमकी देते हुए मायके से 10 लाख रुपये दहेज लाने की मांग की।
इसके बाद महिला अपने बच्चे के साथ मायके चली गई।शुक्रवार को महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले का अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।


