अररिया : जनता दरबार में 157 मामलों की सुनवाई, जिलाधिकारी प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन के दिए निर्देश

अररिया, 11 सितंबर (के.स.)। अब्दुल कैय्युम, बिहार सरकार के सात निश्चय-3.0 के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित परमान सभागार में जिला पदाधिकारी अररिया विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया।जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आमजनों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए।
जनता दरबार में कुल 157 मामलों की सुनवाई की गई। जिला पदाधिकारी ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में ठेंगापुर, जोकीहाट निवासी मोहम्मद इसराइल ने मृतक परिजन के लिए मुआवजा भुगतान को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं जदिया, सुपौल निवासी बंधु ऋषिदेव ने सड़क दुर्घटना में पुत्र के मृत्यु के उपरांत मुआवजा राशि का भुगतान नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई।
अररिया निवासी राजेश यादव ने भूमि विवाद से संबंधित समस्या को लेकर आवेदन दिया। फारबिसगंज निवासी काशीनाथ प्रसाद ने भूमि अधिग्रहण के एवज में उचित मुआवजा भुगतान कराने की मांग की। वहीं फारबिसगंज निवासी रंजीतकांत झा द्वारा योजना में आवासीय दर्शायी गई जमीन को व्यवसायिक श्रेणी में परिवर्तित किए जाने के संबंध में अनुरोध किया गया।
इसके अलावा छब्बी ऋषिदेव, सदानंद ऋषिदेव, बेचन ऋषिदेव एवं युगल पासवान सहित अन्य फरियादियों ने भी अपनी-अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए अग्रसारित करते हुए मामलों का निष्पक्ष जांच के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जनता दरबार के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा आमजनों की शिकायतों के त्वरित समाधान, पारदर्शी प्रशासन एवं जनसमस्याओं के प्रभावी निराकरण की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।



