किशनगंज : डीएम-एसपी ने वन स्टॉप सेंटर और नशा मुक्ति केंद्र का किया औचक निरीक्षण

किशनगंज, 09 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने मंगलवार को भ्रमण कार्यक्रम के दौरान वन स्टॉप सेंटर तथा सदर अस्पताल परिसर स्थित नशा मुक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने दोनों केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।
वन स्टॉप सेंटर के निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यालय में संचालित विभिन्न कार्यों, अभिलेखों के रख-रखाव, पत्रों के निष्पादन, कर्मियों की कार्यप्रणाली तथा काउंसलिंग की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कार्यालय में लंबित कार्यों और साफ-सफाई की भी समीक्षा की। डीएम ने सभी संचिकाओं एवं पंजीयों को निर्धारित इंडेक्स के अनुसार क्रमबद्ध तरीके से सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यालय के अभिलेख महत्वपूर्ण प्रशासनिक दस्तावेज होते हैं, इसलिए इनके रख-रखाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इसके बाद डीएम एवं एसपी ने सदर अस्पताल स्थित नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई, मरीजों के लिए की गई व्यवस्थाओं तथा उपचार एवं परामर्श की स्थिति की जानकारी ली। डीएम ने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, आवश्यक परामर्श एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि नशे की लत से मुक्ति के लिए उपचार के साथ निरंतर परामर्श और परिवार का सहयोग भी जरूरी है। केंद्र में आने वाले जरूरतमंद लोगों को बेहतर उपचार एवं परामर्श देकर उन्हें नशामुक्त होकर सामान्य जीवन की ओर लौटने में मदद की जाए।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस, सिविल सर्जन सहित संबंधित चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।



