District Adminstrationअपराधकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : रेप के आरोप में लल्लू मुखिया सिलीगुड़ी से गिरफ्तार, चार सप्ताह से था फरार

किशनगंज, 03 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पौआखाली नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अहमद हुसैन उर्फ लल्लू मुखिया को पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले करीब चार सप्ताह से फरार चल रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना और मोबाइल लोकेशन के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे एक होटल से गिरफ्तार किया।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लल्लू मुखिया सिलीगुड़ी के एक होटल में छिपा हुआ है। मोबाइल लोकेशन से सूचना की पुष्टि होने के बाद एसआईटी ने होटल में छापेमारी कर आरोपी को दबोच लिया।

गिरफ्तारी से बचने के लिए बदल रहा था ठिकाना

एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। उसने न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए याचिका भी दायर की थी, जिसे न्यायालय ने खारिज कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया था।

पंचायत के बहाने महिला को ले जाने का आरोप

मामला पौआखाली थाना क्षेत्र से जुड़ा है। एक महिला ने लल्लू मुखिया पर पंचायत के बहाने ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए पौआखाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

प्राथमिकी के अनुसार, 28 जुलाई की रात महिला, उसके पति और बेटी को बेटी से जुड़े विवाद का समाधान कराने के नाम पर गाड़ी से ले जाया गया था। महिला का आरोप है कि रास्ते में उसके पति को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया गया। इसके बाद उसे किशनगंज के एक होटल में ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया।

पांच लाख रुपये देने का भी लगाया आरोप

पीड़िता ने विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। साथ ही, मामले को दबाने के लिए पांच लाख रुपये देने का प्रलोभन दिए जाने की बात कही गई है। शिकायत के आधार पर पौआखाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button