ताजा खबर

*श्री राम चैरिटेबल ट्रस्ट* : संकल्प से साकार होती समाज सेवा की एक नई पहल।

शशि रंजन सिंह/दीपावली के अगले दिन श्री राम चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा श्री राम राज्य उत्सव दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में बीते कल, 9 नवंबर 2026 को राजेंद्र नगर स्थित निर्माणाधीन पॉलीक्लिनिक परिसर में उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज के प्रतिष्ठित एवं सम्मानित अभिभावकों, प्रबुद्धजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जिम्मेदार युवाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

पिछले वर्ष श्री राम राज्य उत्सव के अवसर पर समाज के लिए एक बेहतर स्वास्थ्य सेवा केंद्र बनाने का संकल्प लिया गया था। यह हम सभी के लिए हर्ष और गौरव का विषय है कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के आशीर्वाद और समाज के सामूहिक सहयोग से महज एक वर्ष के भीतर वह संकल्प आज निर्माणाधीन पॉलीक्लिनिक के रूप में धरातल पर आकार ले रहा है।

आखिर हमारा उद्देश्य क्या है?

कभी उस गरीब पिता की बेबसी महसूस कीजिए, जो अपने बीमार बच्चे को गोद में लेकर अस्पताल पहुंचता है, लेकिन इलाज के लिए उसकी जेब में पैसे नहीं होते। उस मां का दर्द समझिए, जिसे अपने बच्चे की जान बचाने के लिए गहने तक बेचने पड़ते हैं। हमारे समाज में आज भी हजारों परिवार ऐसे हैं, जिनके लिए बीमारी से बड़ी समस्या इलाज का खर्च है। कई बार गरीबी के कारण लोगों को अपनों को खोना पड़ता है।

हमारा संकल्प है कि आर्थिक अभाव किसी जरूरतमंद के इलाज में बाधा न बने।

अनुग्रह सेवा सदन द्वारा उपलब्ध कराई गई 32 कट्ठा जमीन पर श्री राम चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से पॉलीक्लिनिक का निर्माण समाज के सहयोग से हो रहा है। यहां गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

हमारा सपना केवल पॉलीक्लिनिक तक सीमित नहीं है। आने वाले वर्षों में इसी परिसर में एक विशाल चैरिटेबल अस्पताल का निर्माण करना है, जो महावीर कैंसर संस्थान और महावीर वात्सल्य की तरह जरूरतमंद परिवारों के लिए उम्मीद और सहारे का केंद्र बने।

हम ऐसा संस्थान बनाना चाहते हैं, जहां किसी गरीब पिता को इलाज के लिए कर्ज न लेना पड़े, किसी मां को अपने गहने न बेचने पड़ें और किसी परिवार को केवल पैसों की कमी के कारण अपनों को न खोना पड़े।

यह सपना किसी एक व्यक्ति या संस्था का नहीं, बल्कि पूरे समाज का है। इसे साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक सामर्थ्यवान व्यक्ति, व्यवसायी, युवा और सामाजिक संगठन से सहयोग की अपेक्षा है।

आपका सहयोग चाहे एक लाख रुपये का हो, दस हजार का या एक हजार का, हर योगदान हमारे लिए महत्वपूर्ण है। आर्थिक सहयोग के साथ श्रम, समय और संसाधनों से भी इस अभियान का हिस्सा बना जा सकता है।

याद रखिए, आज हम किसी अनजान जरूरतमंद के लिए जो स्वास्थ्य सेवा की व्यवस्था खड़ी कर रहे हैं, कल वही व्यवस्था हमारे अपने परिवार के लिए भी जीवनरक्षक साबित हो सकती है।

आइए, अपनी आने वाली पीढ़ियों को केवल संपत्ति नहीं, बल्कि सेवा और संवेदना की ऐसी विरासत दें, जिस पर पूरा समाज गर्व कर सके।

🙏 *श्री राम चैरिटेबल ट्रस्ट*

सेवा का संकल्प हमारा, सहयोग आपका और लाभ पूरे समाज का।

आइए, मिलकर ऐसा संस्थान बनाएं जहां किसी गरीब को इलाज के अभाव में बेबस न होना पड़े और हर जरूरतमंद को स्वस्थ जीवन की उम्मीद मिल सके।

Related Articles

Back to top button