District Adminstrationअपराधकिशनगंजठाकुरगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : भारत-नेपाल सीमा पर 952 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद, एक हिरासत में

गलगलिया में पुलिस-एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई, स्निफर डॉग की मदद से घर में हुई तलाशी

किशनगंज, 02 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, भारत-नेपाल सीमा से सटे गलगलिया थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और एसएसबी ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर ठाकुरगंज एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में गलगलिया थाना पुलिस और 41वीं वाहिनी एसएसबी की संयुक्त टीम ने भातगांव पंचायत के वार्ड संख्या चार स्थित ठीका टोली में एक घर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पांच अलग-अलग पैकेट में रखा कुल 952 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद करने का दावा किया गया है। मौके से 60 वर्षीय मोहम्मद जलाल को हिरासत में लिया गया।

जानकारी के अनुसार, 41वीं वाहिनी एसएसबी को सीमावर्ती क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित विशेष इंटेलिजेंस इनपुट मिला था। इसके बाद एसएसबी की जी कंपनी भातगांव और ए कंपनी निमुगुड़ी के जवानों ने गलगलिया थाना पुलिस के साथ संयुक्त रूप से ठीका टोली पहुंचकर संदिग्ध घर की घेराबंदी की और तलाशी शुरू की।

तलाशी अभियान में नारकोटिक स्निफर डॉग की भी मदद ली गई। संयुक्त टीम के अनुसार, घर से पांच पैकेट में रखा 952 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद हुआ। मौके पर डीडी किट से पदार्थ की प्रारंभिक जांच की गई, जिसमें उसके मादक पदार्थ होने की पुष्टि का दावा किया गया है। हालांकि, पदार्थ की वैज्ञानिक एवं कानूनी जांच की प्रक्रिया आगे जारी रहेगी।

पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए मोहम्मद जलाल से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने कथित तौर पर अपने दामाद मोहम्मद शमशाद आलम का नाम लिया और बरामद सामग्री से उसके जुड़े होने की बात कही। पुलिस को शमशाद आलम के खिलाफ पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। हालांकि पूरे मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका जांच के बाद स्पष्ट होगी।

पुलिस अब बरामद मादक पदार्थ के स्रोत और उसकी संभावित आपूर्ति के ठिकाने का पता लगाने में जुटी है। साथ ही कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

कार्रवाई में एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह, गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार, दोनों बीओपी प्रभारी समेत एसएसबी के जवान शामिल रहे। अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में नशे के खिलाफ संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button