किशनगंज : डीएम-एसपी ने 500 युवाओं को दिलाई नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा की शपथ

किशनगंज, 01 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, युवाओं को नशे से दूर रखने, साइबर अपराध के प्रति सजग करने और सड़क सुरक्षा के नियमों के पालन को लेकर पुलिस की ओर से सोमवार को विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। ‘ऑपरेशन विधि पालक युवक अभियान’ के तहत माता गुजरी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी नवीन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में किया गया।
अभियान में बाल मंदिर विद्यालय, सरस्वती विद्या मंदिर, ओरियेन्टल पब्लिक स्कूल तथा माता गुजरी मेमोरियल फार्मेसी कॉलेज के करीब 500 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणाम, साइबर ठगी से बचाव और सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि मजबूत राष्ट्र के निर्माण के लिए युवाओं का सशक्त और अनुशासित होना जरूरी है। युवा पीढ़ी देश की रीढ़ है। नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को केवल अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम का हिस्सा मानकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से स्वयं कानून का पालन करने के साथ परिवार और समाज के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में बताया गया कि नशे की लत चोरी, लूट, पारिवारिक विवाद और हिंसा जैसी घटनाओं का कारण बन सकती है। नशे की पूर्ति के लिए कुछ युवा साइबर अपराध के नेटवर्क और म्यूल अकाउंट से भी जुड़ जाते हैं। वहीं नशे की हालत में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनता है।
साइबर सुरक्षा के तहत अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ OTP साझा नहीं करने और संदिग्ध कॉल तथा APK फाइल से सावधान रहने की सलाह दी गई। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने तथा cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। सड़क सुरक्षा के तहत हेलमेट, सीट बेल्ट के इस्तेमाल और यातायात नियमों का पालन करने पर जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ‘नशा मुक्त किशनगंज’ अभियान के तहत जिले में लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। थाने से लेकर अनुमंडल और जिला स्तर तक प्रतिदिन जागरूकता एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश पुलिस पदाधिकारियों को दिया गया है। कार्यक्रम के अंत में डीएम और एसपी ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई।

