किशनगंज : पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म मामले में नाबालिग निरुद्ध, विशेष टीम ने की कार्रवाई

किशनगंज, 31 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सदर थाना क्षेत्र के फरिंगोला गांव में पांच वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग आरोपी को विधिवत निरुद्ध किया है। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर उसे निरुद्ध किया।
पुलिस के अनुसार, मामले में 30 अगस्त को पीड़िता की मां के बयान पर किशनगंज थाना में कांड संख्या 962/2026 दर्ज किया गया। प्राथमिकी में गांव के ही एक नाबालिग लड़के पर बच्ची को चॉकलेट और बिस्किट दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है।
पीड़िता के पिता के अनुसार, घटना के समय वह मजदूरी करने के लिए घर से बाहर गए थे। करीब नौ बजे बच्ची खेलते हुए घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला नाबालिग उसे बिस्किट दिलाने का झांसा देकर अपने घर ले गया। करीब एक घंटे तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में बच्ची आरोपी के घर के पास मिली। घर लौटने के बाद बच्ची की हालत देखकर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को सूचित कर घटनास्थल को सुरक्षित रखा गया है। पीड़िता और निरुद्ध नाबालिग की महिला पुलिस पदाधिकारी की निगरानी में चिकित्सीय जांच कराई जा रही है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में नाबालिग ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नाबालिग को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस ने कहा कि मामले में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया और एसओपी का पालन किया जा रहा है।



