किशनगंज : जन वितरण प्रणाली की 107 दुकानों की औपबंधिक मेधा सूची जारी, 22 अगस्त तक दावा-आपत्ति
किशनगंज, 17 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में जन वितरण प्रणाली (जविप्र) दुकानों की शेष रिक्तियों के विरुद्ध प्राप्त आवेदनों की प्रक्रिया के तहत जिला स्तरीय चयन समिति ने औपबंधिक मेधा सूची का प्रकाशन कर दिया है। सूची के संबंध में दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने के लिए आवेदकों को 22 अगस्त 2026 तक का समय दिया गया है।
समाहरणालय स्थित सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, पटना के प्रधान सचिव के निर्देश के आलोक में बिहार लक्ष्यित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश, 2016 में वर्णित प्रावधानों के तहत जिले में जन वितरण प्रणाली की कुल 107 रिक्त दुकानों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे।
इन रिक्तियों के विरुद्ध निर्धारित प्रपत्र में आवेदन अनुमंडल पदाधिकारी, किशनगंज के कार्यालय में 11 जुलाई 2025 से 31 जुलाई 2025 तक तथा पुनः 1 अगस्त 2025 से 21 अगस्त 2025 तक प्राप्त किए गए। इसके बाद अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा जिला स्तरीय चयन समिति को औपबंधिक मेधा सूची उपलब्ध कराई गई।
जिला स्तरीय चयन समिति ने 7 अगस्त 2026 को औपबंधिक मेधा सूची का प्रकाशन किया। सूची के संबंध में दावा या आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया 8 अगस्त से शुरू है। अब तक अनुमंडल कार्यालय, किशनगंज में कुल 65 दावा एवं आपत्तियां प्राप्त हो चुकी हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन आवेदकों को औपबंधिक मेधा सूची के संबंध में किसी प्रकार का दावा या आपत्ति दर्ज करानी है, वे निर्धारित प्रपत्र में 22 अगस्त 2026 तक अनुमंडल कार्यालय, किशनगंज में आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके बाद किसी भी प्रकार का दावा या आपत्ति स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने संबंधित आवेदकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने की अपील की है, ताकि चयन प्रक्रिया को नियमानुसार आगे बढ़ाया जा सके।



