सबका सम्मान–जीवन आसान’ पर डीएम सख्त: सोमवार-शुक्रवार अफसर जनता के दरबार में, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

किशनगंज, 17 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सात निश्चय-3 के तहत सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ (Ease of Living) को प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी नवीन कुमार ने सोमवार को आम लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आमजनों की शिकायतों के त्वरित और समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को सभी पदाधिकारी अनिवार्य रूप से अपने-अपने कार्यालय में उपस्थित रहेंगे, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यालय में आगंतुक पंजी का नियमित रूप से संधारण किया जाए और प्राप्त शिकायतों की प्रविष्टि कर उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। प्रखंड, पंचायत एवं जिला स्तर पर प्रतिदिन कार्यालय पहुंचने वाले आगंतुकों की संख्या की रिपोर्टिंग भी अनिवार्य की गई है।
डीएम ने निर्देश दिया कि किसी पदाधिकारी के अनुपस्थित रहने की स्थिति में अधिकृत अधिकारी आम लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे। एक से अधिक कार्यालयों का प्रभार संभालने वाले पदाधिकारी सोमवार और शुक्रवार को सुविधा के अनुसार समय निर्धारित कर संबंधित कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने कहा कि आमजनों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। निर्देशों की अवहेलना या अधिकृत पदाधिकारी की अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।



