झारखंडयोजना

15 मिनट में पहुंचेगी एंबुलेंस, झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़ा बदलाव; 720 नई हाईटेक एंबुलेंस खरीदेगी सरकार

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार ने राज्य की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने घोषणा की है कि राज्य में 108 एंबुलेंस सेवा को आधुनिक बनाया जाएगा और लक्ष्य रखा गया है कि किसी भी आपात स्थिति में 15 मिनट के भीतर एंबुलेंस मरीज तक पहुंचे।

इसके लिए सरकार 720 नई हाईटेक एंबुलेंस खरीदेगी। इनमें 50 एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS), 270 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) और 400 पेशेंट ट्रांसपोर्ट व्हीकल (PTV) शामिल होंगे। 400 पीटीवी एंबुलेंस को सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात किया जाएगा, जबकि ALS एंबुलेंस सदर अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में उपलब्ध रहेंगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि झारखंड के ग्रामीण और दुर्गम इलाकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए छोटे और आधुनिक एंबुलेंस नेटवर्क को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि अंतिम व्यक्ति तक समय पर स्वास्थ्य सेवा पहुंच सके। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल एंबुलेंस की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि हर जरूरतमंद मरीज को समय पर जीवनरक्षक सुविधा उपलब्ध कराना है।

उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शेष 690 एंबुलेंस की निविदा प्रक्रिया एक माह के भीतर पूरी की जाए, ताकि नई व्यवस्था जल्द शुरू हो सके।

  • डॉ. इरफान अंसारी ने यह भी बताया कि भविष्य में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से विचार-विमर्श कर हर पंचायत में एक छोटी एंबुलेंस उपलब्ध कराने की योजना पर भी काम किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस पहल से राज्य की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार होगा और विशेष रूप से ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।

Related Articles

Back to top button