राजनीति

JPSC भ्रष्टाचार पर रघुवर दास का हमला, कांग्रेस से झारखंड सरकार से समर्थन वापस लेने की मांग

रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल रघुवर दास ने जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर झारखंड सरकार और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस में थोड़ी भी नैतिकता बची है तो उसे झारखंड सरकार से अपना समर्थन वापस ले लेना चाहिए।

रघुवर दास ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा को लेकर आंदोलन करने वाले कांग्रेस, झामुमो, राजद और अन्य विपक्षी दल झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों पर पूरी तरह मौन हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जेपीएससी में सामने आए भ्रष्टाचार के मामलों पर राहुल गांधी और कांग्रेस चुप क्यों हैं तथा जिम्मेदार लोगों से इस्तीफे की मांग क्यों नहीं कर रहे।

उन्होंने 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा में उत्तर प्रदेश की कथित ब्लैकलिस्टेड एजेंसी को कार्य दिए जाने पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की। साथ ही कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े पूर्व के सभी विवादों और पेपर लीक मामलों की भी सीबीआई जांच कराई जानी चाहिए।

रघुवर दास ने आरोप लगाया कि झारखंड में पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के मामले लगातार सामने आए हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा की दौड़ के दौरान जान गंवाने वाले 19 अभ्यर्थियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग भी की। साथ ही राहुल गांधी से झारखंड आकर मृत छात्रों को श्रद्धांजलि देने और युवाओं से माफी मांगने की अपील की।

रघुवर दास ने कहा कि केंद्र सरकार ने पेपर लीक मामलों पर कड़े कानून लागू किए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों पर सभी दलों को राजनीति से ऊपर उठकर समाधान की दिशा में काम करना चाहिए।

प्रेसवार्ता में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह और प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button