राज्य

एससी छात्रों के लिए 8 जिलों में बनेंगे 19 छात्रावास कैबिनेट ने 60.42 करोड़ की दी मंजूरी

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पटना। राज्य मंत्रिपरिषद् ने जनजातीय समुदाय के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत राज्य के 8 जिलों में 19 छात्रावासों के निर्माण एवं संचालन के लिए कुल 60.42 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। इस राशि में केंद्र सरकार का अंश 36.25 करोड़ तथा राज्य सरकार का अंश 24.17 करोड़ शामिल है।

इस योजना का उद्देश्य अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक आधारभूत संरचना और आजीविका के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना तथा विकास संबंधी अंतर को कम करना है। भारत सरकार द्वारा संचालित इस अभियान में विभिन्न मंत्रालयों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बताया कि योजना के तहत पश्चिम चम्पारण, कटिहार, बांका, भागलपुर, जमुई, कैमूर, रोहतास और पूर्णिया जिलों में 100-100 छात्रों की क्षमता वाले कुल 19 छात्रावास बनाए जाएंगे। इन छात्रावासों का संचालन कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) और नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावास की तर्ज पर किया जाएगा।इन छात्रावासों में 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण और पढ़ाई के लिए आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।

राज्य सरकार का लक्ष्य वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान इन छात्रावासों के निर्माण और संचालन की प्रक्रिया को पूरा करना है। इस पहल से जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिलेगी तथा उनके शैक्षणिक विकास को नई गति मिलेगी।

Related Articles

Back to top button