उपस्वास्थ्य केंद्र टूटा, चार किमी दूर इलाज को मजबूर ग्रामीण

किशनगंज, 23 जून (के.स.)। फ़रीद अहमद, ठाकुरगंज प्रखंड की रसिया पंचायत के वार्ड संख्या-4 स्थित महादलित टोला में उपस्वास्थ्य केंद्र के भवन को तोड़े जाने के बाद स्थानीय ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुराना जर्जर भवन तोड़ दिया गया, लेकिन जमीन विवाद के कारण अब तक नए उपस्वास्थ्य केंद्र का निर्माण शुरू नहीं हो सका है।
स्थानीय निवासी जय नारायण राय सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि उपस्वास्थ्य केंद्र नहीं रहने से महादलित टोला वार्ड नंबर 4 और आसपास के लोगों को इलाज़ और जांच तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए करीब चार किलोमीटर दूर पौआखाली जाना पड़ रहा है। विशेष रूप से गरीब परिवारों, बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाती, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ जाता है।
स्थानीय भाजपा नेता सह पैक्स अध्यक्ष नरेश कुमार गणेश ने उपस्वास्थ्य केंद्र के शीघ्र निर्माण की मांग करते हुए कहा कि रसिया पंचायत में कई स्थानों पर सरकारी जमीन उपलब्ध है, जहां नए भवन का निर्माण कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जमीन विवाद के कारण क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित नहीं होने दिया जाना चाहिए।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनका कहना है कि जमीन विवाद का जल्द समाधान कर नए उपस्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्र के हजारों लोगों को बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें।
ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र के अभाव में उन्हें रोजमर्रा की चिकित्सा सेवाओं के लिए भी लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है। इस संबंध में ठाकुरगंज BHM सुनील कुमार से पूछने पर बताया गया कि एएनएम को बताया गया है कि तत्काल में किसी भी सरकारी भवन में बैठकर कार्य करने एवं स्वास्थ्य सेवाएं लोगों को देने के लिए कहा गया है आगे उन्होंने कहा कि एएनएम से पूछ कर ही बता पाएंगे कि अभी वह लोग किस गांव में तत्काल सेंटर चल रहा है।



