ताजा खबरप्रमुख खबरेंब्रेकिंग न्यूज़राज्य

किशनगंज : DM और SP ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से कि जिले के विभिन्न छठ घाटों का लिया जायजा..

DM ने छठ घाटों का साफ-सफाई, बैरिकेडिंग सहित अन्य दिशा निर्देश दिए।SP ने छठ घाट पर छठ व्रतियों के सुरक्षा और शांतिपूर्ण छठ महापर्व हेतु पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को लगातार क्षेत्र भ्रमण कर सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिया।

किशनगंज/धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी डॉक्टर आदित्य प्रकाश और पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष द्वारा महापर्व छठ को देखते हुए जिले के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण किया गया। उन्होंंने किशनगंज नगर परिषद के खगड़ा देव घाट, रामजानकी घाट, धोबीपट्टी घाट, घोड़ामारा घाट आदि का भ्रमण किया एवं छठ पर्व के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन को लेकर तैयारियों का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने छठ घाटों की साफ-सफाई के अलावा घाटों के संपर्क मार्गों को दुरुस्त करने, घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, खतरनाक घाटों का चिन्हीकरण करते हुए बैरीकेडिंग कराने, घाट पर आवश्यक सुविधाओं को उपलब्ध कराने में स्थानीय लोगो का सहयोग प्राप्त करने के संबंध में निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि नदियों के बढ़े हुए जलस्तर को देखते हुए इसकी निगरानी आवश्यक है, ताकि किसी भी प्रकार के दुर्घटना को रोकने के लिए एहतियातन खतरनाक घाटों पर छठव्रतियों के आवागमन को प्रतिबंधित किया जा सके। खतरनाक घाट पर साइनेज भी लगाया जाए। गत वर्षों की अपेक्षा इस वर्ष नदियों में पानी का स्तर काफी ऊंचा है और छठ पर्व के दौरान सावधानी बरतना आवश्यक है। छठ घाटों पर गोताखोरों को तैनात करने का भी निर्देश उन्होंने दिया। DM श्री प्रकाश ने संबंधित कार्यपालक पदाधिकारियों एवं अंचलाधिकारियों को खतरनाक घाटों को चिन्हित करते हुए वहां पर बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया। उन्होंने विभिन्न घाटों पर नदियों में बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया, ताकि लोग असावधानीवश ज्यादा गहरे पानी में प्रवेश ना कर सकें। छठ के दौरान नदियों में गश्ती लगाने का भी निर्देश उन्होंने दिया। छठ के दौरान निजी नावों के परिचालन पर रोक के निर्देश दिए गए। DM ने घाटों के किनारे महिलाओं के वस्त्र बदलने के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था करने, बिजली की व्यवस्था, पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम लगाने के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति का भी निर्देश दिया, ताकि असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जा सके। छठ पर्व को लेकर उपस्थित पदाधिकारियों को जिलाधिकारी ने कहा कि समय कम है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाना आवश्यक है।उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी के निर्देश पर पूर्व में अलग-अलग प्रखंडों में जिला स्तरीय प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों द्वारा भी छठ घाटों का निरीक्षण किया गया और इसके संबंध में निर्धारित प्रपत्र में प्रतिवेदन जिलाधिकारी को समर्पित किया गया था। छठ घाट पर छठ व्रतियों के सुरक्षा और शांतिपूर्ण छठ महापर्व हेतु पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष ने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को लगातार क्षेत्र भ्रमण कर सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिया। डीएम और एसपी ने कोविड अनुरूप व्यवहार के साथ छठ महापर्व मनाने की अपील की और कहा कि छठ घाट पर अनावश्यक भीड़ नहीं लगाएं और भीड़ भाड़ में जाने से बचें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button